TVK Majority Crisis: तमिलनाडु की स्थिति पर तंज कसते हुए पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने राज्यपाल और केंद्रीय जांच एजेंसियों, दोनों पर हमला बोला है। पप्पू यादव ने कहा कि राज्यपाल को बजो को सरकार बनाने का आमंत्रण देना चाहिए।
TVK Majority Crisis: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद सरकार बनाने को लेकर खींचतान अभी भी जारी है। TVK प्रमुख विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात की है। हालांकि, राज्यपाल ने उन्हें विधायकों के समर्थन पत्र लेकर वापस आने का निर्देश दिया। अब इस घटनाक्रम पर बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए पप्पू यादव ने व्यंग्यात्मक लहजे में टिप्पणी की कि राज्यपाल को सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के एकमात्र विधायक को ही सरकार बनाने के लिए आमंत्रित कर लेना चाहिए।
तमिलनाडु की स्थिति को लेकर सांसद पप्पू यादव ने अपने पोस्ट में केंद्र सरकार और संवैधानिक संस्थाओं पर निशाना साधा। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'तमिलनाडु में राज्यपाल को BJP के एकमात्र विधायक को सरकार बनाने का आमंत्रण देना चाहिए। उन्हें बहुमत साबित करना सबसे आसान है। गवर्नर, ED, CBI, IT विभाग और चुनाव आयोग जी-तोड़ परिश्रम कर उनके लिए बहुमत सहजता से जुटा देंगे।'
तमिलनाडु चुनाव के नतीजों ने राज्य में एक नई राजनीतिक शक्ति के उदय का संकेत दिया है। विजय की पार्टी 'तमिलगा वेत्री कड़गम' (TVK) 108 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी बनी है, लेकिन वह बहुमत के जादुई आंकड़े से 10 सीटें पीछे रह गई है। हालांकि, कांग्रेस ने विजय को समर्थन देने का ऐलान किया है, जिससे यह आंकड़ा 113 तक पहुंच गया है। इसके बावजूद सरकार बनाने के लिए अभी भी 5 और विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के प्रयास में राज्यपाल से दो बार मुलाकात की है। हालांकि, वे राज्यपाल को यह समझाने में असफल रहे कि उनके पास ऐसा करने के लिए आवश्यक समर्थन मौजूद है। इन मुलाकातों के दौरान विजय ने फ्लोर टेस्ट का सामना करने की अपनी इच्छा भी जाहिर की। इसके बावजूद, राजभवन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सरकार बनाने का आमंत्रण देने से पहले 118 विधायकों के औपचारिक और लिखित समर्थन दिखाना अनिवार्य है।