पटना

नीट छात्रा मौत केस: CBI ने बदला आईओ, पीड़िता के दादा ने लगाए गंभीर आरोप

नीट छात्रा की मौत के मामले में कोर्ट की फटकार के बाद सीबीआई ने अपने जांच अधिकारी (आईओ) को बदल दिया है। वहीं, पीड़िता के दादा ने नए जांच अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
2 min read
Mar 20, 2026
पटना हॉस्टल कांड | Patna NEET student rape-murder case
पटना हॉस्टल कांड (फोटो- Rohini Acharya X)

पटना की नीट छात्रा मौत मामले में कोर्ट की फटकार के बाद सीबीआई ने जांच अधिकारी (आईओ) को बदल दिया है। एएसपी पवन कुमार श्रीवास्तव की जगह अब डीएसपी विभा कुमारी को इस केस का नया आईओ बनाया गया है। सीबीआई ने 12 फरवरी को यह मामला एसआईटी से अपने हाथ में लिया था और तभी से इसकी जांच कर रही है। इधर, पीड़िता के दादा ने सीबीआई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जांच अधिकारी उन पर दबाव बना रही हैं कि वे यह मान लें कि छात्रा ने आत्महत्या की थी।

सीबीआई ने क्यों बदला आईओ

सीबीआई जांच में लापरवाही और पॉक्सो कोर्ट से लगातार मिल रही फटकार के बाद एजेंसी ने इस केस के जांच अधिकारी (आईओ) को बदल दिया है। नीट छात्रा की मौत के मामले को जब सीबीआई ने अपने हाथ में लेकर पटना में एफआईआर दर्ज की, तब प्राथमिकी में पॉक्सो एक्ट नहीं जोड़ा गया था, बल्कि हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। इसी को लेकर पॉक्सो कोर्ट ने सीबीआई को कड़ी फटकार लगाई थी। इसके बाद सीबीआई ने एएसपी पवन कुमार श्रीवास्तव की जगह डीएसपी विभा कुमारी को इस केस का नया जांच अधिकारी नियुक्त किया है।

सीबीआई का विरोध

पटना की नीट छात्रा मौत मामले की जांच के सिलसिले में सीबीआई की नई जांच अधिकारी विभा कुमारी अपनी टीम के साथ जब जहानाबाद में छात्रा के परिजनों से पूछताछ करने पहुंचीं, तो वहां परिजनों और ग्रामीणों ने उनका विरोध किया। विरोध के बाद सीबीआई टीम छात्रा के स्कूल गई और वहां छात्रा तथा उसके पिता से जुड़ी जानकारी एकत्र की। इसके बाद टीम ने शकूराबाद थाना से पीड़िता के परिजनों को मिल रही धमकियों से संबंधित दस्तावेजों की प्रति ली और पटना लौट गई। पीड़िता के परिजनों के घर पर दो बार धमकी भरे पत्र फेंके गए थे, जिसकी शिकायत परिजनों ने शकूराबाद थाने में दर्ज कराया था।

सीबीआई का विरोध कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि एजेंसी पहले भी तीन-चार बार पूछताछ कर चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है। उनका यह भी कहना है कि पूछताछ के दौरान छात्रा की मां की तबीयत बिगड़ गई थी और वह बेहोश हो गई थीं, इसी वजह से वे सीबीआई का विरोध कर रहे हैं।

पीड़िता के दादा ने लगाया गंभीर आरोप

पीड़िता के दादा ने सीबीआई पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जांच एजेंसी के अधिकारी परिवार पर दबाव बना रहे हैं कि वे पूरे मामले को आत्महत्या मान लें। उन्होंने कहा कि इस घटना से जुड़े सभी उपलब्ध साक्ष्य वे पहले ही सीबीआई को सौंप चुके हैं। इसके बावजूद एजेंसी परिवार के सदस्यों से दो-तीन बार पूछताछ कर चुकी है और अब भी मामले को आत्महत्या मानने के लिए दबाव बना रही है।

Published on:
20 Mar 2026 09:21 am