पटना

तलाक के लिए पवन सिंह और ज्योति सिंह नहीं पहुंचे कोर्ट, वकीलों ने बताई पेश न होने की वजह

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और और ज्योति सिंह का तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। जिसकी सुनवाई के लिए उन्हें मंगलवार को पेश होना था। लेकिन दोनों में से कोई भी वकील कोर्ट नहीं पहुंचा। जिसके बाद वकीलों ने पेश न होने का कारण बताते हुए आगे की तारीख ली। 
2 min read
May 05, 2026
Jyoti Singh-Pawan Singh Divorce Update
पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह की तस्वीर (फोटो सोर्स: एक्टर इंस्टाग्राम)

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहा तलाक का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। इस मामले में एक अहम सुनवाई मंगलवार को बिहार के आरा स्थित फैमिली कोर्ट में होनी थी। लेकिन उम्मीदों के विपरीत दोनों में से कोई भी कोर्ट में पेश नहीं हुआ। जिसके बाद दोनों पक्षों के वकीलों ने कोर्ट को उनके पेश न होने के कारणों से अवगत कराया।

क्यों नहीं पहुंचे पवन सिंह और ज्योति सिंह?

सुनवाई शुरू होते ही जब जज ने दोनों पक्षों की उपस्थिति के बारे में पूछा, तो वकीलों ने अपनी-अपनी दलीलें पेश कीं। पवन सिंह के अधिवक्ता ने कोर्ट को जानकारी दी कि अभिनेता अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग के व्यस्त शेड्यूल के कारण बिहार से बाहर हैं और समय पर नहीं पहुंच सके।

वहीं दूसरी ओर, ज्योति सिंह के वकील ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया। उन्होंने अदालत को बताया कि ज्योति सिंह की तबीयत अचानक खराब हो गई है, जिसके चलते वह सफर करने और कोर्ट में पेश होने की स्थिति में नहीं हैं। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने इस मामले में अगली तारीख तय कर दी है।

सुलह की कोशिशों को लगा झटका

कोर्ट की ओर से इस सुनवाई का मुख्य उद्देश्य 'रिकॉन्सिलिएशन' यानी सुलह की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना था। जज आशुतोष कुमार की अदालत लगातार यह कोशिश कर रही है कि दोनों के बीच के मतभेद बातचीत के जरिए सुलझ जाएं और एक बार फिर घर बस सके। हालांकि, इससे पहले 25 मार्च को हुई सुनवाई में पवन सिंह ने साफ तौर पर कह दिया था कि वो अब ज्योति के साथ नहीं रह सकतें, उन्हें अब बस तालक चाहिए।

ज्योति की 10 करोड़ की मांग

यह मामला केवल तलाक तक सीमित नहीं है, बल्कि करोड़ों की एलिमनी पर भी आ टिका है। ज्योति सिंह के वकील विष्णुधर पांडेय ने स्पष्ट किया है कि यदि पवन सिंह साथ नहीं रहना चाहते, तो उन्हें हर्जाने के तौर पर 10 करोड़ रुपये और एक आलीशान मकान देना होगा। पिछली कुछ सुनवाइयों में ज्योति सिंह जज के सामने फूट-फूटकर रोती भी नजर आई थीं, जहां उन्होंने पवन पर मारपीट, गाली-गलौज और जबरन गर्भपात कराने जैसे बेहद गंभीर आरोप लगाए थे।

क्या टूटेगा 7 साल पुराना रिश्ता?

पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी 7 मार्च 2018 को उत्तर प्रदेश के बलिया में बड़े धूमधाम से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही रिश्तों में खटास आने लगी। पवन सिंह की पहली पत्नी की आत्महत्या और फिर अक्षरा सिंह के साथ विवादित रिश्ते के बाद यह उनकी दूसरी शादी थी, जो अब कानूनी दांव-पेच में उलझी हुई है।

Updated on:
05 May 2026 12:52 pm
Published on:
05 May 2026 12:52 pm