पटना

2 साल में बढ़ी पवन सिंह की दौलत; पास है 70 लाख का सोना और करोड़ों की लग्जरी गाड़ियां, पर 6 क्रिमिनल केस भी हैं दर्ज

Pawan Singh Net worth: भोजपुरी स्टार पवन सिंह की दौलत में पिछले 2 साल में बंपर उछाल आया है और उनकी कुल चल-अचल संपत्ति 19.44 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। गाड़ियों के शौकीन पवन सिंह के पास फॉर्च्यूनर और लैंड क्रूजर जैसी करीब 4 करोड़ रुपये की लग्जरी कारें और 70 लाख के सोने के आभूषण हैं। हालांकि, इस नेटवर्थ और रसूख के साथ ही उनके ऊपर 6 क्रिमिनल केस भी दर्ज हैं।

2 min read
Jun 09, 2026
pawan singh net worth
भोजपुरी स्टार पवन सिंह (फोटो- फेसबुक )

Pawan Singh Net worth: बिहार विधान परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार और भोजपुरी सिनेमा के 'पावर स्टार' पवन सिंह की कुल संपत्ति में पिछले दो सालों में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। उनके चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनकी कुल चल और अचल संपत्ति 19.44 करोड़ रुपये से ज़्यादा हो गई है, जो 2024 के हलफनामे के अनुसार 16.74 करोड़ रुपये थी। हालांकि, इन वित्तीय जानकारियों के साथ-साथ उनके खिलाफ चल रहे कानूनी मामलों की फेहरिस्त भी सामने आई है।

2 साल में 2.7 करोड़ रुपये बढ़ी दौलत

चुनावी हलफनामे के मुताबिक, पिछले दो सालों में पवन सिंह की संपत्ति में भारी बढ़ोतरी हुई है। 2024 के लोकसभा चुनावों के आंकड़ों की तुलना में उनकी संपत्ति में लगभग 2.7 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। फिलहाल, पवन सिंह के पास कुल 19.44 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति है। हैरानी की बात यह है कि स्टार के पास कैश सिर्फ 50,000 रुपये ही है, जबकि उनकी बाकी संपत्ति बैंकों और अन्य एसेट्स में निवेशित है। उनके विभिन्न बैंक खातों में लगभग 1.64 करोड़ रुपये जमा हैं।

गैरेज में खड़ी है करोड़ों की गाड़ियां

भोजपुरी 'पावर स्टार' न सिर्फ अपनी गायकी और एक्टिंग के लिए, बल्कि अपनी लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए भी जाने जाते हैं। पवन सिंह के पास 70 लाख रुपये के सोने के गहने और लगभग 28,000 रुपये की चांदी है। इसके अलावा, उन्हें महंगी और आधुनिक गाड़ियों का भी बहुत शौक है। उनके गैराज में लगभग 3.83 करोड़ रुपये की लग्जरी कारें हैं, जिनमें टोयोटा लेजेंडर, टोयोटा फॉर्च्यूनर, लैंड क्रूजर, महिंद्रा थार और स्कॉर्पियो नियो जैसे दमदार मॉडल शामिल हैं।

पटना से मुंबई तक करोड़ों के जमीन और फ्लैट

अचल संपत्ति के मामले में भी पवन सिंह काफी अमीर हैं। पटना, आरा, लखनऊ और मुंबई जैसे बड़े शहरों में उनके पास कीमती जमीन, कमर्शियल बिल्डिंग और शानदार अपार्टमेंट हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 13 करोड़ रुपयेहै। हालांकि, इतनी बड़ी संपत्ति के साथ-साथ उन पर वित्तीय देनदारियां भी हैं। हलफनामे के अनुसार, पवन सिंह पर विभिन्न बैंकों का कुल 2.34 करोड़ रुपये का बकाया कर्ज है।

6 क्रिमिनल केस भी हैं दर्ज

चुनाव हलफनामे के अनुसार, पवन सिंह के खिलाफ अभी छह आपराधिक मामले लंबित हैं। इनमें से चार मामले आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़े हैं, जबकि अन्य मामलों में शारीरिक शोषण, धोखाधड़ी, विश्वासघात, जालसाजी और आपराधिक धमकी के आरोप शामिल हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि अदालत ने अभी तक इन मामलों में आरोप तय नहीं किए हैं और न ही उन्हें किसी मामले में दोषी ठहराया गया है।

Published on:
09 Jun 2026 11:19 am