पटना

Bankipur By-Election: चुनाव मैदान में उतरे प्रशांत किशोर, बोले- ‘हम सिर्फ सीटें जीतने नहीं, नई राजनीति का आंदोलन खड़ा करने आए हैं’

Prashant Kishor: बांकीपुर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। जानिए उन्होंने नई राजनीति और चुनावी लड़ाई को लेकर क्या कहा है?
2 min read
Jul 05, 2026
Prashant Kishor news
प्रशांत किशोर (ANI Photo)

Prashant Kishor Bankipur By Election: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव ने नया राजनीतिक मोड़ ले लिया है। जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर अब खुद चुनावी मैदान में उतरेंगे। उनकी उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा पार्टी नेता मनोज भारती ने की। इसके साथ ही बांकीपुर का चुनाव राज्य की सबसे चर्चित राजनीतिक लड़ाइयों में शामिल हो गया है। उम्मीदवारी की घोषणा के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल एक विधानसभा सीट जीतना नहीं, बल्कि बिहार में नई राजनीतिक सोच और व्यवस्था की शुरुआत करना है। उन्होंने कहा कि जन सुराज का अभियान सत्ता हासिल करने से आगे बढ़कर राजनीतिक बदलाव का प्रयास है।

नई राजनीति की शुरुआत करना चाहते हैं- प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज सिर्फ चुनाव जीतने के लिए मैदान में नहीं उतरी है। पार्टी बिहार में नई राजनीति की शुरुआत करना चाहती है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर किसी एक राजनीतिक दल का गढ़ नहीं, बल्कि बिहार की जनता की सीट है। इसलिए मतदाताओं को ऐसे उम्मीदवार का साथ देना चाहिए जो नई राजनीति का प्रतिनिधित्व करता हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जन सुराज यह चुनाव बिना किसी गठबंधन के अपने दम पर लड़ रही है। हालांकि, जो भी इस अभियान का समर्थन करना चाहता है, उसका स्वागत किया जाएगा।

उम्मीदवार घोषित होने के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह

पार्टी का कहना है कि प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने के फैसले के बाद बांकीपुर में कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया है। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार को और तेज करने की रणनीति तैयार की जा रही है। जन सुराज इस उपचुनाव को बिहार की राजनीति में अपनी ताकत दिखाने का अहम अवसर मान रही है।

क्यों खाली हुई बांकीपुर विधानसभा सीट?

बांकीपुर विधानसभा सीट बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना, जिसके बाद उन्हें राज्यसभा के माध्यम से दिल्ली भेजा गया। इसके चलते उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और इस सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है।

30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

भारत निर्वाचन आयोग ने बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित किया है। इसके तहत बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

Updated on:
05 Jul 2026 04:16 pm
Published on:
05 Jul 2026 03:53 pm