सम्राट मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों की कुल संपत्ति 220.89 करोड़ रुपये है, जिसमें रमा निषाद सबसे अमीर और संजय पासवान सबसे कम संपत्ति वाले मंत्री हैं। कुल संपत्ति का बड़ा हिस्सा केवल पांच मंत्रियों के पास केंद्रित है।
सम्राट मंत्रिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे समेत 7 नेता पहली बार मंत्री बने हैं, जबकि नीतीश सरकार में मंत्री रहे 3 नेताओं को इस बार मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। सम्राट मंत्रिमंडल में शामिल मंत्रियों में सबसे अधिक संपत्ति रमा निषाद के पास है, जिनकी कुल संपत्ति 31 करोड़ रुपये है। वहीं, चिराग पासवान की पार्टी से मंत्री बने संजय पासवान सबसे कम संपत्ति वाले मंत्री हैं, जिनकी कुल संपत्ति 23.85 लाख रुपये है। मंत्रिमंडल के 32 मंत्रियों की संपत्ति करोड़ों में है, जबकि केवल 3 मंत्रियों की संपत्ति एक करोड़ रुपये से कम है।
सम्राट मंत्रिमंडल में पांच महिला मंत्री शामिल हैं। महिला मंत्रियों की औसत संपत्ति 16.08 करोड़ रुपये है, जबकि पुरुष मंत्रियों की औसत संपत्ति 4.68 करोड़ रुपये है। इस प्रकार महिला मंत्रियों की औसत संपत्ति पुरुष मंत्रियों की तुलना में तीन गुना से अधिक है।
बिहार मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों की कुल संपत्ति 220.89 करोड़ रुपये है, जिसमें से 46% हिस्सा केवल 5 सबसे अमीर मंत्रियों के पास है। इन टॉप 5 मंत्रियों की कुल संपत्ति 102 करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं, 5 सबसे गरीब मंत्रियों के पास कुल 3.63 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जो मंत्रिमंडल की कुल संपत्ति का मात्र 1.64% हिस्सा है।