पटना

मोकामा के सोनू-मोनू गैंग का शूटर विपुल कुमार गिरफ्तार, पुलिस टीम पर हमला और बालू खनन के मामले में था वांटेड

Sonu-Monu Gang Shooter Arrested: मोकामा के सोनू-मोनू गैंग के शूटर विपुल कुमार को लखीसराय से गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या समेत पांच मामलों में वांछित विपुल अवैध बालू खनन, पुलिस पर हमले और जब्त बाइक छुड़ाने के मामले में फरार चल रहा था।
2 min read
• •
Updated: 28 Jun 2026, 10:23 AM IST
sonu monu gang shooter vipul arrested
सोनू-मोनू गैंग का विपुल गिरफ्तार

Sonu-Monu Gang: पटना जिले के मोकामा और बाढ़ इलाकों में सक्रिय सोनू-मोनू गैंग को पुलिस ने बड़ा झटका दिया है। पंचमहाला पुलिस ने लखीसराय के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र से विपुल कुमार को गिरफ्तार किया, जो इस गैंग का शूटर है और कई गंभीर मामलों में नामजद आरोपी है। पटना पुलिस की लंबी और कड़ी पूछताछ के बाद, उसे कड़ी सुरक्षा के बीच बाढ़ कोर्ट में पेश किया गया और फिर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए पंचमहाला थाना अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि विपुल कुमार के खिलाफ पांच गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, हत्या की कोशिश, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला और गंगा किनारे अवैध रेत खनन के आरोप शामिल हैं।

बालू खनन से जुड़ा है मामला

विपुल को पंचमहाला थाना क्षेत्र में गंगा किनारे अवैध रेत खनन और पुलिस की कस्टडी से जब्त सामान की लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया है। यह मामला 23 मार्च का है, जब पंचमहाला पुलिस को सूचना मिली कि रेत माफिया नौरंगा जलालपुर दियारा इलाके में गंगा किनारे JCB मशीनों और ट्रैक्टरों का इस्तेमाल करके अवैध खनन कर रहे हैं। जब पुलिस टीम ने छापेमारी की तो बालू माफिया में हड़कंप मच गया। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों अमन कुमार और कन्हैया कुमार को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक अवैध देसी पिस्तौल (कट्टा), दो खाली कारतूस के खोल, दो जींद कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस पर हमले का आरोप

इन दोनों की गिरफ़्तारी के बाद थानाध्यक्ष और अन्य पुलिसकर्मी उन JCB मशीनों और ट्रैक्टरों का पीछा करने लगे जो भाग रहे थे। इसी बीच जब्त मोटरसाइकिल और गिरफ्तार आरोपियों की सुरक्षा के लिए कॉन्स्टेबल रामप्रवेश चौधरी और होमगार्ड सुबोध कुमार को मौके पर तैनात किया गया। तभी विपुल कुमार ने अपने दर्जन भर हथियारों से लैस साथियों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर लाठियों और हथियारों से अचानक हमला कर दिया। उन्होंने वह बाइक वापस छीन ली जिसे पुलिस ने जब्त किया था और मौके से भाग गए।

लखीसराय में पुलिस ने किया गिरफ्तार

पुलिस को सूचना मिली कि विपुल कुमार लखीसराय में छिपा हुआ है और किसी दूसरी जगह भागने की योजना बना रहा है। इस जानकारी के आधार पर, पंचमहाला पुलिस की एक टीम ने लखीसराय के रामगढ़ चौक पुलिस स्टेशन इलाके में शेखपुरा रोड पर जाल बिछाया। अचानक पुलिस को देखकर विपुल भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और उसे सड़क पर ही पकड़ लिया।

Updated on:
28 Jun 2026, 10:23 AM IST
Published on:
Also Read
View All
अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी का आगाज, दामाद को आज तिलक में मिलेगी 3 करोड़ की कार, 25 नवंबर को जुटेंगे 4 लाख मेहमान

निशांत कुमार को रोकने के मामले में SSG की सफाई, ‘मानवीय भूल’ बताया, जानें क्या है पूरा मामला

निशांत कुमार को CM सम्राट के सुरक्षाकर्मी ने पीछे धकेला, वीडियो वायरल; मंत्री अशोक चौधरी ने बताई पूरी बात

बेटी शिवांगी की शादी के बीच सुर्खियों में विधायक अनंत सिंह की प्रेम कहानी, जानिए क्यों कोलकाता जाकर की थी शादी

छठ पूजा पर कल्याण बनर्जी के बयान से भड़के चिराग पासवान, बोले- ‘कुछ क्षेत्रीय नेता ‘ब्रांड भारत’ को नुकसान पहुंचा रहे’