पटना

‘जो डर गया या बिक गया, वही BJP में गया’; राघव चड्ढा समेत 7 सांसदों की टूट पर भड़के तेजस्वी यादव

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के BJP में शामिल होने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि जो भी लोग डरे हुए हैं या जो बिक गए हैं, वे BJP में शामिल हो रहे हैं। जो लोग देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रहे हैं, वे BJP के साथ नहीं हैं।

2 min read
Apr 24, 2026
तेजस्वी यादव और राघव चड्डा

आम आदमी पार्टी (AAP) में शुक्रवार को बड़ी फुट देखने को मिली। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इतना ही नहीं राघव चड्डा ने ऐलान किया कि वे आम आदमी पार्टी के कुल 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 के साथ BJP में शामिल होंगे। इस बड़ी टूट पर बिहार के नेता प्रतिपक्ष और राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। तेजस्वी ने पार्टी बदलने वाले नेताओं पर बिकने और डरने का गंभीर आरोप लगाया है।

ये भी पढ़ें

‘हमारा भी समय आएगा, बस गोलबंद होकर मजबूती से काम करें’; तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश

जो डर गया या बिक गया, वही बीजेपी में गया -तेजस्वी यादव

शुक्रवार को बंगाल रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने आम आदमी पार्टी के सांसदों के भाजपा में शामिल होने को लोकतंत्र के साथ गद्दारी करार दिया। उन्होंने कहा, 'अब जो भी जा रहा है, आप जानते हैं कि सभी समझौता कर चुके हैं। जो डर गया, वह बीजेपी में चला गया। जो बिक गया, वह बीजेपी में चला गया।' तेजस्वी ने कहा कि आज देश में दो तरह के लोग हैं। एक वे जो सत्ता के सामने घुटने टेक चुके हैं और दूसरे वे जो देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए आज भी संघर्ष कर रहे हैं।

राघव चड्ढा पर तेजस्वी यादव का प्रहार

तेजस्वी यादव ने राघव चड्ढा की वफादारी पर सवाल उठाते हुए व्यक्तिगत हमला भी बोला। उन्होंने याद दिलाया कि जब अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे नेता कठिन समय में जेल की सलाखों के पीछे संघर्ष कर रहे थे, तब राघव चड्ढा भारत में नहीं थे। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा, 'अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जब जेल गए थे तब ये (राघव चड्ढा) लंदन में थे। सब लोग जान रहे थे कि या तो ये भाग गए हैं या भगाए गए हैं।'

गद्दारों को पहचानने का समय आ गया है

तेजस्वी यादव ने विपक्षी दलों को आगाह करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि हमें ऐसे लोगों को पहचानना चाहिए जो संकट के समय पार्टी और विचारधारा को धोखा देते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष में केवल वही टिकेंगे जिनमें लड़ने का माद्दा है। तेजस्वी ने कहा कि जो लोग देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ रहे हैं, वे भाजपा में नहीं जा रहे।

राघव चड्ढा ने कहा- अपने मार्ग से भटक गई है AAP

दूसरी ओर शुक्रवार को दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राघव चड्ढा ने कहा कि जिस पार्टी को उन्होंने 15 सालों तक अपने खून-पसीने से सींचा, वह अब अपने मूल मार्ग से भटक गई है। चड्ढा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी अब देशहित के बजाय निजी फायदों के लिए काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा के 2/3 सांसद उनके साथ हैं, जिनमें हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता और स्वाती मालीवाल जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

बंगाल और तमिलनाडु चुनाव पर भी तेजस्वी यादव ने दी प्रतिक्रिया

तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि DMK गठबंधन तमिलनाडु में सरकार बनाएगी, क्योंकि भाजपा तो वहां हैं कि नहीं कहीं। यह हमारा विश्वास है कि बंगाल में भी ममता बनर्जी जीतेंगी। हम प्रचार में भी जा रहे हैं, हमलोग की पूरी कोशिश रहेगी कि भाजपा को बंगाल से बाहर किया जाए।

ये भी पढ़ें

‘बिहार अजूबा राज्य, यहां 5 साल में बनीं 5 सरकार’, विधानसभा में तेजस्वी यादव का सम्राट सरकार पर हमला
Also Read
View All