पटना

‘वो सही कहे, पगड़ी की लाज बचाना हमारी जिम्मेदारी’; सम्राट की पगड़ी पर तेजस्वी के तंज पर विजय सिन्हा का पलटवार

तेजस्वी यादव ने बीते दिनों कहा था कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पगड़ी पर विजय सिन्हा की नजर है। जिसका जवाब देते हुए विजय सिन्हा ने अब कहा कि पगड़ी की लाज बचानी हमारी जिम्मेवारी, हर बिहारी की लाज बचाने के लिए हम संकल्पित हैं

2 min read
Apr 28, 2026
bihar bjp leader vijay sinha
विजय सिन्हा (फोटो- X@VijayKrSinhaBih)

Bihar Politics: बिहार विधानसभा में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बनी नई सरकार के विश्वास मत के दौरान 'पगड़ी' पर शुरू हुई सियासत अब निजी हमलों और तीखे पलटवार तक पहुंच गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पगड़ी को लेकर कसे गए तंज पर पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने करारा जवाब दिया है। विजय सिन्हा ने न केवल तेजस्वी के आरोपों को खारिज किया, बल्कि इसे बिहारी अस्मिता से भी जोड़ दिया।

पगड़ी की लाज बचाना हर भाजपाई का संकल्प- विजय सिन्हा

तेजस्वी यादव ने सदन में चुटकी लेते हुए सम्राट चौधरी से कहा था, 'मुख्यमंत्री जी, अपनी पगड़ी संभालकर रखिएगा, विजय सिन्हा जी की उस पर नजर है।' इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय सिन्हा ने मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए कहा, 'वो (तेजस्वी यादव) सही बोल रहे हैं, पगड़ी की लाज बचाना हमारी जिम्मेदारी है। लेकिन उन्हें यह जान लेना चाहिए कि हम सिर्फ सम्राट जी की पगड़ी ही नहीं, बल्कि हर बिहारी की पगड़ी और उसके सम्मान की रक्षा के लिए संकल्पित हैं।' उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की घबराहट उनके बयानों में साफ दिख रही है।

तेजस्वी अपने चश्मे से भाजपा को देखना बंद करें

विजय सिन्हा ने एनडीए में किसी भी तरह की दरार की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा, 'भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन किसी एक परिवार या व्यक्ति की पार्टी नहीं है। यह सामूहिक नेतृत्व की पार्टी है। जब हमारा नेतृत्व कोई निर्णय लेता है, तो उसे सिर्फ स्वीकार नहीं किया जाता, बल्कि उत्साह के साथ उसका स्वागत किया जाता है। तेजस्वी जी अपने परिवार के चश्मे से भाजपा को देखना बंद करें।'

लालू की पाठशाला पर भी दिया जवाब

सम्राट चौधरी के राजनीतिक सफर को लालू की पाठशाला से जोड़ने वाले तेजस्वी के दावों पर भी विजय सिन्हा ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'कौन किस पाठशाला से पढ़कर निकला है, यह महत्वपूर्ण नहीं है। जिस व्यक्ति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'सबका साथ, सबका विकास' वाला गुरु मंत्र आत्मसात कर लिया, उस दिन से पुरानी सारी पाठशालाओं की पढ़ाई शून्य हो जाती है। सम्राट चौधरी अब राष्ट्र निर्माण और विकसित बिहार के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहे हैं।'

विकसित बिहार के लिए एनडीए एकजुट

विजय सिन्हा ने विश्वास व्यक्त किया कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने बिहार की जनता से जो वादा किया है, उसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। अराजकता फैलाने वालों के दिन अब लद चुके हैं। बिहार की जनता जाग चुकी है और वह विकास की राह में रोड़ा अटकाने वालों को कभी माफ नहीं करेगी।

Published on:
28 Apr 2026 12:41 pm