Patrika Special News

Sunset Health Benefits: व्यस्त जिंदगी में ‘गोल्डन आवर’ का जादू, जानिए सूर्यास्त देखना आपकी सेहत के लिए क्यों जरूरी

Sunset Health Benefits: क्या रोज सूर्यास्त देखना वाकई डिप्रेशन दूर कर सकता है? जानिए 'इको-थेरेपी' का वो न्यूरोसाइंस जो आपके स्ट्रेस हार्मोन (Cortisol) को रीसेट कर गहरी नींद (Melatonin) लाने में मददगार साबित होता है। मनोचिकित्सक से जानिए ढलते सूरज का स्वास्थ्य पर क्या होता है असर।
6 min read
Jun 30, 2026
Sunrise Sunset Sleep wake cycle Depression
Awe Effect क्या है? (Photo: AI Generated)

Sunset Health Benefits: आज के दौर में हम सब स्क्रीन (Screens) से घिरे हुए हैं। सुबह उठने से लेकर रात को सोने तक, हमारी आंखें स्मार्टफोन, लैपटॉप या टीवी की नीली रोशनी (Blue Light) में डूबी रहती हैं। इस वजह से तनाव, एंग्जायटी (घबराहट) और नींद न आने की समस्या आम हो चुकी है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस थकान का सबसे मुफ़्त और प्राकृतिक इलाज हर रोज हमारे सामने आता है?

जी हां, हम बात कर रहे हैं सूर्यास्त (Sunset) और सूर्योदय (Sunrise) की। हालिया वैज्ञानिक शोधों से यह साबित हुआ है कि प्रकृति के इस 'गोल्डन आवर' (Golden Hour) में सूर्य को निहारना हमारे मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। आइए विस्तार से समझते हैं कि हर दिन कुछ मिनट डूबते सूरज को देखना आपकी जिंदगी कैसे बदल सकता है।

The Awe Effect: 'अचरज की भावना' और मानसिक शांति

मनोविज्ञान में एक शब्द है जिसे 'Awe' (विस्मय या अचरज) कहा जाता है। जब हम किसी बेहद विशाल और खूबसूरत चीज को देखते हैं, तो हमारे अंदर यह भावना पैदा होती है। एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं के अनुसार, जब आप एक सुंदर सूर्यास्त को देखते हैं, तो आपका दिमाग कुछ पल के लिए स्तब्ध रह जाता है। इस विशाल ब्रह्मांड के सामने आपको अपनी मौजूदगी बहुत छोटी लगने लगती है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होता है कि आपके दिमाग में चल रही रोजमर्रा की चिंताएं, ऑफिस का स्ट्रेस और परेशानियां अचानक बहुत छोटी और महत्वहीन लगने लगती हैं। यह भावना आपके मानसिक बोझ को तुरंत कम कर देती है।

पत्रिका के सवाल-जवाब डॉ. सुनील शर्मा के साथ

डिप्रेशन और एंग्जायटी के मरीजों के लिए क्या आप दवाओं के साथ-साथ 'इकोथेरेपी' (Eco-therapy) या नेचर वॉक की सलाह देते हैं? इसका क्लिनिकल रिस्पॉन्स कैसा रहता है?

आजकल मेडिकल साइंस में 'इको-थेरेपी' (प्रकृति के बीच समय बिताना) को एक प्रभावी 'एडजंक्ट थेरेपी' यानी मुख्य दवाओं के साथ दिए जाने वाले सहायक इलाज के रूप में बड़ी मान्यता मिल रही है। वैज्ञानिक तौर पर देखें तो जब हम प्रकृति के बीच वॉक करते हैं, तो हमारे शरीर में 'कोर्टिसोल' (स्ट्रेस हार्मोन) का लेवल तेजी से कम होता है। इतना ही नहीं, यह हमारे दिमाग के प्रीफ्रंटल कॉर्टेक्स की ओवर-एक्टिविटी को शांत करता है, जिससे 'रूमिनेशन' यानी एक ही नकारात्मक बात को बार-बार सोचने (ओवरथिंकिंग) की आदत पर लगाम लगती है। यह हमारे एचपीए (HPA) एक्सिस को संतुलित कर तनाव को नॉर्मलाइज करता है। क्लिनिकल अनुभवों में देखा गया है कि 'माइल्ड टू मॉडरेट डिप्रेशन' (हल्के और मध्यम डिप्रेशन) के मामलों में जब हम मरीज को मुख्य दवाओं (SSRIs) के साथ इको-थेरेपी की सलाह देते हैं, तो इसके परिणाम बेहद असरदार होते हैं।

ढलते सूरज की लाल और सुनहरी रोशनी हमारे स्ट्रेस हार्मोन (Cortisol) और स्लीप हार्मोन (Melatonin) को संतुलित करने में किस तरह मदद करती है?

ढलते सूरज की रोशनी हमारे 'सार्केडियन रिदम' (Circadian Rhythm) को मैनेज करने में बेहद असरदार होती है। यह हमारे शरीर की आंतरिक 'बायोलॉजिकल क्लॉक' (Biological Clock) को संचालित करती है। यदि हम नियमित रूप से उसी तय समय पर सूर्यास्त के पैटर्न्स को देखते हैं, तो हम अपने सार्केडियन रिदम को बेहतर तरीके से रेगुलेट कर पाते हैं। ऐसा करने से शरीर में तनाव बढ़ाने वाला हार्मोन 'कोर्टिसोल' कम होता है और 'मेलाटोनिन' का स्तर बढ़ता है। हम सभी जानते हैं कि मेलाटोनिन का सीधा प्रभाव एक अच्छी और गहरी नींद के लिए बहुत जरूरी है, और स्वास्थ्य के लिए 'क्वालिटी ऑफ स्लीप' (नींद की गुणवत्ता) बेहद महत्वपूर्ण है।

इसके विपरीत, यदि हम सूर्यास्त के समय या उसके बाद एलईडी और स्क्रीन्स की 'ब्लू लाइट्स' (Blue Lights) का इस्तेमाल करते हैं, तो हमारे मस्तिष्क को यह गलत संदेश जाता है कि अभी शाम नहीं हुई है या अभी भी दिन का समय है। इस भ्रम के कारण हमारे सोने का प्राकृतिक सिस्टम प्रभावित होता है और नींद के लिए जो मेलाटोनिन रिलीज होना चाहिए, वह नहीं हो पाता। वहीं दूसरी ओर, जब हम शाम को सूर्यास्त के समय उसकी प्राकृतिक रोशनी को देखते हैं, तो दिमाग को सही संदेश जाता है और मेलाटोनिन का स्राव सही तरीके से शुरू हो जाता है।

क्या सुबह का सूर्योदय देखना और शाम का सूर्यास्त देखना हमारे मूड को बूस्ट करने वाले न्यूरोट्रांसमीटर 'सेरोटोनिन' (Serotonin) को सीधे प्रभावित करता है?

सूर्योदय (Sunrise) और सूर्यास्त (Sunset) का हमारे शरीर में 'सेरोटोनिन' (Serotonin) हार्मोन के स्तर पर निश्चित रूप से सीधा और गहरा प्रभाव पड़ता है। हम जब सुबह सूर्योदय को देखते हैं, तो हमारे ब्रेन स्टेम में मौजूद 'रैफे न्यूक्लिआई' (Raphe Nuclei) सक्रिय हो जाता है, जो सेरोटोनिन का संश्लेषण (Synthesis) यानी निर्माण शुरू कर देता है। यही वह मूल सिद्धांत है, जिसका उपयोग हम 'सीजनल अफेक्टिव डिसऑर्डर' (SAD - एक प्रकार का मौसमी डिप्रेशन) के इलाज में 'लाइट थेरेपी' के माध्यम से सेरोटोनिन के स्तर को बढ़ाने के लिए करते हैं। वहीं, शाम के वक्त यह चक्र बदल जाता है, शाम को सेरोटोनिन की जगह हमारी 'पीनियल ग्लैंड' (Pineal Gland) से 'मेलाटोनिन' (Melatonin) हार्मोन का स्राव बढ़ने लगता है, जो एक सुकून भरी नींद के लिए बेहद सहायक है। इस प्रकार सूर्योदय और सूर्यास्त मिलकर हमारी पूरी बायोलॉजिकल क्लॉक को सुचारू रूप से संचालित करते हैं। इसके अलावा, प्रकृति को देखकर मन में उठने वाली 'ओ' (Awe) यानी विस्मय की भावना भी इसी जैविक तंत्र से जुड़ी है। यह अद्भुत एहसास दिमाग के सोचने-समझने वाले नेटवर्क को शांत करता है। यह पूरी मानसिक और शारीरिक गतिविधि सेरोटोनिन और 'ऑक्सीटोसिन' (Oxytocin) जैसे हैप्पी हार्मोन्स से नियंत्रित होती है, जिससे हम तनावमुक्त होकर एक शांत और बेहतर जीवन जी पाते हैं।

जो लोग नाइट शिफ्ट करते हैं या जिन्हें शाम को बाहर जाने का मौका नहीं मिलता, उन्हें कृत्रिम स्क्रीन लाइट के कारण होने वाले 'मेंटल बर्नआउट' (Mental Burnout) से बचने के लिए क्या करना चाहिए?

नाइट शिफ्ट में काम करने वाले लोगों को 'मेंटल बर्नआउट' (मानसिक थकान) से बचाने के लिए यह बेहद जरूरी है कि हम उनके 'सार्केडियन मिस-अलाइनमेंट' (Circadian Misalignment) को ठीक करें। चूंकि नाइट शिफ्ट में हमारी दिनचर्या उलट जाती है। हम दिन की जगह रात में और रात की जगह दिन में सक्रिय रहते हैं। इसलिए हमारे शरीर की जैविक घड़ी बिगड़ जाती है। इसे संतुलित करने का सबसे प्रभावी तरीका 'लाइट मैनेजमेंट' (रोशनी का सही प्रबंधन) है। काम के दौरान खुद को अलर्ट रखने और सुस्ती से बचने के लिए 'ब्लू-एनरिच्ड व्हाइट लाइट' (Blue-enriched White Light) का इस्तेमाल करना चाहिए। लेकिन जैसे ही आपकी शिफ्ट या काम पूरा हो जाए, इस ब्लू लाइट को पूरी तरह ब्लॉक कर दें। सोने से कम से कम दो घंटे पहले मोबाइल, लैपटॉप या टीवी जैसी सभी स्क्रीन्स पर 'नाइट मोड' या 'एम्बर फिल्टर' (Amber Filter) ऑन कर लें, ताकि हमारे सार्केडियन रिदम को सही एंकरिंग (सिग्नल) मिल सके। इसके साथ ही, संभव हो तो हफ्ते में दो-तीन बार सूर्योदय या सूर्यास्त जरूर देखें।

रिसर्च कहती है कि प्रकृति के करीब रहने और सकारात्मक भावनाएं महसूस करने से शरीर में साइटोकिन्स (Cytokines/Inflammation) का स्तर कम होता है, जो डिप्रेशन और दिल की बीमारी की बड़ी वजह हैं। मन की शांति शरीर को बीमारियों से कैसे बचाती है?

क्रोनिक स्ट्रेस (लंबे समय तक रहने वाले तनाव) और नकारात्मक भावनाओं (Negative Emotions) के कारण हमारे शरीर में कुछ हानिकारक 'प्रो-इन्फ्लेमेटरी साइटोकाइन्स' (सूजन बढ़ाने वाले तत्व) रिलीज होते हैं। ये साइटोकाइन्स हमारे मस्तिष्क में 'न्यूरो-इन्फ्लेमेशन' (दिमाग की सूजन) पैदा करते हैं, जो डिप्रेशन और अन्य मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की सबसे बड़ी वजह बनती है। जिस प्रकार ये साइटोकाइन्स दिल में 'एंडोथेलियल डैमेज' (हृदय की धमनियों को नुकसान) पहुंचा सकते हैं, ठीक उसी तरह ये हमारे मन की शांति को भी पूरी तरह से नष्ट कर देते हैं। इसके विपरीत, यदि हमारा व्यवहार और हमारे विचार सकारात्मक रहते हैं, तो शरीर में सुरक्षात्मक 'एंटी-इन्फ्लेमेटरी साइटोकाइन्स' का निर्माण होता है। ये प्रोटेक्टिव साइटोकाइन्स हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) को मजबूत करते हैं, जिससे डिप्रेशन के साथ-साथ 'कार्डियोवैस्कुलर डिजीजेस' (हृदय रोगों) का खतरा भी काफी हद तक कम हो जाता है।

मानसिक रूप से रीचार्ज होने के लिए रोजाना कितने मिनट का 'प्रकृति डिटॉक्स' या सूर्यास्त देखना काफी है?

प्रकृति के बीच रहने या सूर्योदय-सूर्यास्त देखने की अवधि 20 मिनट से लेकर 120 मिनट (2 घंटे) तक होनी चाहिए, जिससे शरीर को एक प्रभावी 'नेचुरल डिटॉक्स' मिल सके। खास बात यह है कि इस 120 मिनट के समय को एक बार में बिताना जरूरी नहीं है, इसे आप पूरे दिन में अपनी सुविधा के अनुसार छोटे-छोटे ब्रेक्स (टुकड़ों) में भी बांट सकते हैं। रोजाना 20 से 120 मिनट प्रकृति के साथ बिताने से शरीर में 'कोर्टिसोल' (स्ट्रेस हार्मोन) का स्तर काफी कम हो जाता है और मस्तिष्क के प्रीफ्रंटल कॉर्टेक्स की 'रूमिनेशन एक्टिविटी' (नकारात्मक विचार दोहराने की आदत) शांत होती है, जिससे मानसिक स्वास्थ्य का खतरा काफी कम हो जाता है। यदि व्यस्तता के कारण आप बाहर नहीं जा पा रहे हैं, तो अपने घर की खिड़की या बालकनी से भी कुछ देर प्रकृति और बदलते आसमान को निहारना आपके मानसिक स्वास्थ्य के लिए उतना ही मददगार साबित हो सकता है।

Updated on:
29 Jun 2026 06:58 pm
Published on:
30 Jun 2026 10:00 am