राजद नेता लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने इस बार छठ पूजा न करने का फैसला लिया है यह लगातार ऐसा दूसरा साल है, जब लालू के घर में छठ पूजा नहीं मनाई जा रही है राबड़ी देवी ने बताया व्यक्तिगत कारणों के चलते वो इस बार छठ पूजा नहीं मना रही हैं
नई दिल्ली। बिहार की खबरों में हमेशा सुखिर्यों में बने रहने वाले लालू यादव परिवार से बड़ी खबर सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने इस बार छठ पूजा न करने का फैसला लिया है।
यह लगातार ऐसा दूसरा साल है, जब लालू के घर में छठ पूजा नहीं मनाई जा रही है।
एक न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान राबड़ी देवी ने बताया कि किसी व्यक्तिगत कारणों के चलते वो इस बार छठ पूजा नहीं मना रही हैं।
लालू परिवार में मनाई जाने वाले छठ पूजा हमेशा सुर्खियों में रहती है, लेकिन इस बार उनके घर पर सन्नाटा ही पसरा रहेगा।
गौरतलब है कि चारा घोटाले में फंसे लालू प्रसाद यादव न केवल जेल में हैं, बल्कि उनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं है। यही वजह है कि रांची के रिम्स में उनका लंबे समय से इलाज चल रहा है।
वहीं, घर के दोनों बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप फिलहाल पटना से बाहर हैं। इसके साथ ही तेज प्रताप यादव और उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय के बीच का विवाद भी थमना नजर नहीं आ रहा है।
कयास लगाए जा रहे हैं। इन सब कारणों के चलते राबड़ी देवी ने इस बार छठ पूजा न करने का फैसला लिया है।
आपको बता दें कि पिछली बार लालू के घर पर साल 2017 में छठ पूजा मनाई गई थी। हालांकि उस समय परिवार और राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव भी पूजा में शामिल हुए थे।
उनके साथ ही तेजस्वी यादव, तेजप्रताप यादव, मीसा भारती समेत अन्य बहनों भी भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया था।