
कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और ग्वालियर-चंबल अंचल से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना है।
ग्वालियर. किसान कल्याण वर्ष के तहत बुधवार को ग्वालियर में प्रदेश स्तरीय बलराम जयंती महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मेला मैदान में होने वाले इस भव्य आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री किसानों के हित से जुड़ी कई योजनाओं और सुविधाओं का शुभारंभ करेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ग्वालियर-चंबल अंचल से बड़ी संख्या में किसानों के महोत्सव में पहुंचने की संभावना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव महोत्सव में किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल, शून्य प्रतिशत ब्याज योजना के सरलीकरण और कृषक कवच योजना का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश में नवीन पंजीकृत 200 प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) के कार्यालयों का भी शुभारंभ किया जाएगा। नए पैक्स सदस्यों को अंशपूंजी प्रमाण-पत्र वितरित किए जाएंगे। इन पहलों के जरिए किसानों को सहकारिता और कृषि क्षेत्र से जुड़ी सुविधाओं को और बेहतर तरीके से उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।
बलराम जयंती महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री प्रदेश के तीन उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों और पांच उत्कृष्ट पैक्स संस्थाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान करेंगे। उत्कृष्ट पैक्स संस्थाओं को चेक भी वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा गौ संवर्धन, जैविक खेती और फलोद्यान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले के तीन किसानों को अलग-अलग पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इनमें राजमाता विजयाराजे सिंधिया पुरस्कार, कुशाभाऊ ठाकरे पुरस्कार और मुख्यमंत्री किसान कल्याण पुरस्कार शामिल हैं। इससे कृषि के साथ-साथ गौ संवर्धन, जैविक खेती और फलोद्यान के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले किसानों को प्रोत्साहन मिलेगा।
मेला मैदान में विभिन्न विभागों की ओर से किसान हितैषी योजनाओं और कार्यक्रमों पर केंद्रित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें किसानों को सरकार की विभिन्न योजनाओं, कृषि गतिविधियों और सहकारिता से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम सुबह 10.30 बजे से शुरू होगा। आयोजन में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, कन्हैया लोकगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी होंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को विमान से अपराह्न करीब 2 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल पहुंचेंगे। इसके बाद वे मेला मैदान पहुंचकर प्रदेश स्तरीय बलराम जयंती महोत्सव में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री किसान हितैषी योजनाओं का शुभारंभ करने के साथ उत्कृष्ट किसानों एवं संस्थाओं को सम्मानित करेंगे और महोत्सव में मौजूद किसानों को संबोधित करेंगे।ग्वालियर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री श्योपुर जिले में आयोजित बलराम महोत्सव को वर्चुअली संबोधित करेंगे। ग्वालियर प्रवास के दौरान वे आकाशवाणी तिराहे के समीप पूर्व विधायक रघुवीर सिंह बाबूजी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सभी कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद शाम करीब 5 बजे विमान से भोपाल के लिए रवाना होंगे।
महोत्सव में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर सहित अन्य मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भी कार्यक्रम में मौजूदगी रहेगी। महोत्सव को किसान कल्याण वर्ष के प्रमुख आयोजनों में माना जा रहा है। इसके जरिए सरकार कृषि, सहकारिता और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं को विस्तार देने के साथ किसानों तक नई सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी पहुंचाएगी। आयोजन स्थल पर किसानों के बैठने, मंच, प्रदर्शनी और अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
Updated on:
01 Sept 2026 09:59 pm
Published on:
01 Sept 2026 09:59 pm
