1 सितंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

भाजपा के मंथन के केंद्र में जेन-जी, रोजगार पैदा करने बनाई रणनीति

आगामी चुनावों पर कहा, भाजपा हर चुनाव को चुनौती मानकर चलती है। निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति पर मंथन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष के साथ भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया के सह संयोजक आशीष उषा अग्रवाल भी शामिल थे।
2 min read
Google source verification
BJP State Executive Meeting

ओरछा में दो दिनी बैठक समाप्त, प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पर साधा निशाना

ग्वालियर/ओरछा. भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक सोमवार को समाप्त हो गई। बैठक के बाद प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने मंथन में उठे मुद्दों और आगामी रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन की हर बैठक में युवाओं और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाती है। इस बार जेन-जी और युवाओं के सवाल, रोजगार के अवसर, महिलाओं की सुरक्षा तथा युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा हुई। खंडेलवाल ने कहा कि सरकार और संगठन युवाओं के लिए लगातार काम कर रहे हैं। प्रयास है कि युवाओं को ऐसे अवसर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा भी संगठन और सरकार के लिए सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

निकाय-पंचायत चुनाव की रणनीति पर मंथन

आगामी चुनावों को लेकर खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा प्रत्येक चुनाव को चुनौती के रूप में लेती है। निकाय और पंचायत चुनावों की तैयारियां संगठन स्तर पर चल रही हैं। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में इन चुनावों को लेकर भी रणनीति पर मंथन किया गया। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर जोर दिया गया। प्रदेशाध्यक्ष के साथ भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया के सह संयोजक आशीष उषा अग्रवाल भी मौजूद रहे।

कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार

कांग्रेस के इस आरोप पर कि चुनाव नजदीक आते ही भाजपा दिखावटी तैयारियां शुरू कर देती है, खंडेलवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि अभी चुनाव काफी दूर हैं। भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होती, बल्कि अपनी परंपरा, विचारधारा और निर्धारित कार्यपद्धति के अनुसार लगातार काम करती है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा रामलला के पहले से साथ थी, कांग्रेस बाद में आई। कांग्रेस को तय करना चाहिए कि उसका एजेंडा क्या है और वह किसके साथ है तथा किसके साथ नहीं।

ओरछा की स्थापत्य कला देख बोले सीएम- विरासत अद्भुत

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार सुबह मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ ओरछा में राम राजा लोक के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर में प्रतिष्ठानों के संचालकों से संवाद किया। इसके बाद जुझार सिंह महल में चल रहे निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों तथा जहांगीर महल का भ्रमण कर ऐतिहासिक स्थापत्य कला का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राम राजा मंदिर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संपदा का महत्वपूर्ण केंद्र है। बुंदेला शासकों द्वारा निर्मित भवन और महल प्रदेश की गौरवशाली विरासत हैं। उन्होंने कहा कि इन भवनों की निर्माण शैली ऐसी है कि गर्मी में शीतलता और सर्दी में गर्माहट का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्यटकों को प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचाने तथा उनके प्रवास की अवधि बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

‘यही भाजपा का कल्चर और अनुशासन’

पार्टी में समन्वय के सवाल पर खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा में समन्वय हमेशा से रहा है और इसी ताकत के साथ संगठन एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि क्या उसके कार्यकर्ता सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक इतनी अनुशासित तरीके से बैठक में बात सुन सकते हैं? उन्होंने कहा कि यही भाजपा का कल्चर और अनुशासन है। मुख्यमंत्री के ओरछा भ्रमण के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।