
नई दिल्ली। मोदी सरकार ने बीते चार साल में कितने कमाल किए इसका रिपोर्ट कार्ड आ चुका है। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने खुद मीडिया के सामने अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। शाह ने कहा कि बीजेपी को गर्व है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमने भ्रष्टाचार विहीन कड़े फैसले करने वाली गरीब-गांव और किसानों के हितों को समझने वाली सरकार दी है।
सबसे ज्यादा काम करने वाला पीएम दिया: शाह
बीजेपी अध्यक्ष ने पीएम के काम काज की तारीफ करते हुए कहा कि बीजेपी ने देश को सर्वाधिक काम करने वाला प्रधानमंत्री देने का काम किया है, ये पार्टी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने 'सबका साथ-सबका विकास' सूत्र को चरितार्थ करने का काम किया है। हमने एक भी घोटाले के बगैर देश में लाखों-करोड़ के इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट्स को पूरा करने का काम किया है।
यह भी पढ़ें: बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने की किम-ट्रंप तारीफ, मोदी पर साधा निशाना
विकास एक जीवंत जनआंदोलन बना: मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कहा कि उनकी सरकार के चार वर्ष के शासन के दौरान विकास एक मजबूत जनआंदोलन बना है और हर नागरिक देश की प्रगति में अपनी भागीदारी महसूस कर रहा है। मोदी ने यह बात अपनी सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर कही है। उन्होंने ट्वीट किया , 'हमनें इसी दिन 2014 को भारत की काया पलट करने की यात्रा की शुरुआत की थी। पिछले चार वर्ष के दौरान विकास एक जीवंत जनआंदोलन बना है और हर नागरिक यह महसूस कर रहा है कि वह भारत की विकास यात्रा में शामिल है। सवा सौ करोड़ भारतीय देश को नई ऊंचाईयों पर ले जा रहे हैं।'
नए भारत की नींव बन रही: पीएम
प्रधानमंत्री ने उनकी सरकार में लगातार विश्वास बनाए रखने के लिए देशवासियों का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन और लगाव पूरी सरकार के लिए प्रेरणा तथा शक्ति का स्रोत है। उन्होंने लिखा कि हम भारत की जनता की इसी तत्परता और समर्पण भाव से सेवा करते रहेंगे। मोदी ने अपनी सरकार द्वारा किए गए कार्यों का ब्यौरा पोस्ट करते हुए लिखा है कि उसने जनता के अनुकूल और बेहतर भविष्य के लिए जो निर्णय लिये हैं उनसे एक नए भारत की नींव बन रही है।