जानकारी के मुताबिक, जैसे ही सदन में कुमारस्वामी ने विश्वसमत हासिल किया, कांग्रेस कई विधायक अचानक गायब हो गए। कयास लगाया जा रहा था कि काफी दिन से थके होने के कारण विधायक अपने-अपने घर जाएंगे, लेकिन कांग्रेस के कई विधायक दिल्ली की ओर रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि मंत्री बनने की चाहत में कई विधायक दिल्ली में अपनी सिफारिश करने और लॉबिंग करने पहुंच गए हैं। सीएम कुमारस्वामी के साथ विधान सौध में डिनर के बाद जेडीएस के विधायक अपने-अपने घर चले गए, क्योंकि कुमारस्वामी की कुर्सी अब सुरक्षित हो गई है। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस के कोटे के 21 मंत्रियों में अपना नाम शामिल करवाने के लिए कांग्रेस विधायकों ने दिल्ली की दौड़ लगा दी। कर्नाटक के एक वरिष्ठ विधायक का कहना है कि वह अपने विधानसभा क्षेत्र में वापस जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं मंत्री पद डिजर्व करता हूं, लेकिन दिल्ली में मेरा कोई गॉडफादर नहीं है। उन्होंने कहा कि हाई कमान को मेरिट पर ध्यान देकर मंत्री चुनने चाहिए जाति और क्षेत्र देखकर नहीं।