
नई दिल्ली। रिश्वतकांड के बाद सीबीआइ में मचा घमासान पर अब सियासी रंग चढ़ चुका है। सीबीआई प्रकरण को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी पार्टियों ने सीबीआई मुख्यालय के बाहर हल्ला बोल प्रदर्शन किया। इस दौरान विरोध प्रदर्शन करते हुए राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं ने अपनी गिरफ्तारी भी दी। गिरफ्तारी देने वालों में राहुल गांधी, प्रमोद तिवारी व अशोक गहलोत समेत अन्य बड़े नेता शामिल रहे। इसके बाद राहुल गांधी ने थाने से निकल कर पीएम मोदी पर हमला बोला। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि चाहे कुछ भी प्रधानमंत्री सच से नहीं भाग सकते।
राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस का हल्ला बोल मार्च दयाल सिंह कॉलेज से शुरू होकर सीबीआई मुख्यायल तक चला। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोधी रोड पुलिस स्टेशन में अन्य नेताओं के साथ अपनी गिरफ्तारी दी। प्रदर्शन में राहुल गांधी के साथ विपक्षी पार्टियों के शरद यादव, डी. राजा, तृणमूल कांग्रेस समेत कई नेता बड़े मौजूद रहे। आपको बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के निदेशक आलोक वर्मा की शक्तियों को छीनने के विरोध में विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन की अगुवाई की। राहुल ने कहा है कि रफाल सौदे की जांच से बचने के लिए ऐसा किया गया है। दक्षिण दिल्ली के लोधी रोड स्थित दयाल सिंह कॉलेज से सीबीआई मुख्यालय तक संक्षिप्त मार्च में जनता दल-यूनाइटेड के पूर्व नेता शरद यादव और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के डी राजा सहित कई विपक्षी नेता शामिल हुए।
इस प्रदर्शन में लगभग 3,000 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने देशभर में सीबीआई के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन भी किया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राज बब्बर ने लखनऊ में इस प्रदर्शन मार्च की अगुवाई की। राहुल ने गुरुवार को कहा था कि वर्मा को हड़बड़ी में इसलिए हटाया गया क्योंकि वह विवादस्पद राफेल सौदे की जांच करने वाले थे।