कठुआ सामूहिक दुष्कर्म और हत्या मामले में मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने एक बड़ा बयान दिया है।
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कठुआ सामूहिक दुष्कर्म मामले में मृतक बच्ची को माता वैष्णो देवी का रूप बताया है। सीएम ने कहा कि कोई इतनी नन्ही सी बच्ची के साथ ऐसी हैवानियत कैसे कर सकता है। तो राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि ये घटनाएं हमें शर्मसार करती हैं।
हमारे समाज में कुछ तो गलत है: महबूबा
कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने पहुंची सीएम महबूबा मुफ्ती ने समाज में बच्चों के साथ बढ़ रही यौन हिंसा पर चिंता व्यक्त की। महबूबा ने कहा कि हमारे समाज में कुछ तो गलत है, जहां लोग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या करते हैं, जिसे देवी मां का रूप माना जाता है। कठुआ में एक आठ वर्षीय बच्ची का अपहरण, उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या किए जाने की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई कैसे एक छोटी बच्ची के साथ ऐसा घिनौना कृत्य कर सकता है, जिसे माता वैष्णो देवी का रूप माना जाता है।
इन घटनाओं से देश का सिर शर्म से झुक गया: राष्ट्रपति
देश के बहुचर्चित कठुआ रेप केस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी खेद प्रकट किया। राष्ट्रपति ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि देश की आजादी के 70 साल बाद भी ऐसी घटनाएं बेहद शर्मनाक हैं। राष्ट्रपति ने सवाल करते हुए कहा कि आखिर हम कैसे समाज का निर्माण कर रहे हैं। आज जबकि बेटियां देश दुनिया भर में देश का नाम कमा रही हैं, ऐसे इन घटनाओं से देश का सिर शर्म से झुक जाता है। भविष्य में ऐसा कभी किसी भी लड़की या महिला के साथ न घटे, यह तय करना हमारी जिम्मेदारी है।
क्या कठुआ गैंगरेप केस
जम्मू कश्मीर के कठुआ में बकरवाल खानाबदोश समुदाय की आठ वर्षीय बच्ची का 10 जनवरी को अपहरण कर लिया गया था। उसका शव एक सप्ताह बाद जंगल से बरामद किया गया। जांच से पता चला कि उसके साथ आठ लोगों ने कई बार दुष्कर्म किया था।