Rahul Gandhi का जम्मू पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत, बोले- मैं यहां सिर्फ माता वैष्णो देवी के दर्शन करने आया हूं
नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी जम्मू ( Rahul Gandhi Jammu Visit ) पहुंच चुके हैं। यहां कांग्रेस समर्थकों और नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। वे यहां से पैदल चलकर वैष्णो देवी माता के दर्शन करेंगे। हालांकि, जम्मू पहुंचते ही उनकी इस यात्रा को लेकर सियासत भी गरमा गई है।
भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी की इस यात्रा को लेकर निशाना साधा तो कांग्रेस ने भी जमकर पलटवार किया। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि अगर राहुल गांधी माता वैष्णो देवी के पैदल चल कर दर्शन करना चाहते हैं तो बीजेपी को इसमें क्या परेशानी है। उन्होंने ये भी कहा कि पीएम मोदी भी चाहें तो साथ में जा सकते हैं, राहुल उनका हाथ पकड़कर ले जाएंगे।
ये कहा था बीजेपी ने
भाजपा ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी की माता वैष्णो देवी के दर्शन करने की ये योजना केवल ‘टोकन हिंदुत्व’ है।
बीजेपी के इस तंज पर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी अगर 13 किलोमीटर पैदल चलकर वैष्णो देवी जाना चाहते हैं तो बीजेपी को ऐतराज क्यों? उन्होंने कहा, मोदी जी भी राहुल जी के साथ जाएं, वे (पीएम) बुजुर्ग हैं, उनका भी हाथ पकड़कर ले जाएंगे। जरूरत पड़ी तो कंधे पर बैठाकर ले जाएंगे।’
जम्मू पहुंचते ही राहुल गांधी ने कहा कि, ‘मैं यहां माता वैष्णो देवी के दर्शन करने पहुंचा हूं।’ साथ ही उन्होंने किसी भी प्रकार का राजनीतिक बयान देने से इनकार कर दिया।
बता दें कि राहुल गांधी कटरा से पैदल माता वैष्णो देवी के दर्शन करेंगे। साथ ही वे शाम की आरती में भी हिस्सा लेंगे।जम्मू पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का स्वागत किया। इस दौरान जम्मू की महिलाओं ने नारा लगाया, 'राहुल गांधी आगे बढ़ो, हम आपके साथ हैं।'