वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सांसद शशि थरूर अपने बेबाक बयानों की वजह से जाने जाते हैं। विरोधियों को अपने अलग अंदाज में शशि थरूर घेरते रहते हैं। इसी कड़ी में एक बार फिर शशि थरूर ने उन कांग्रेसी नेताओं पर तंज कसा है जो पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो रहे हैं।
कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार शशि थरूर ने पार्टी छोड़ रहे नेताओं को आड़े हाथों लिया है। कांग्रेस सांसद ने कविता के जरिए उन कांग्रेसी नेताओं पर तंज कसा है जो पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम रहे हैं। दरअसल एक तरफ बीजेपी लगातार कांग्रेस मुक्त देश की बातें करती रहती है, बीजेपी के इसी नारे को शशि थरूर ने उनके ही खिलाफ इस्तेमाल किया है। दरअसल हाल में पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता आरपीएन सिंह कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए। ऐसे में शशि थरूर ने ट्वीट के जरिए एक कविता साझा की। इस कविता के जरिए उन्होंने बीजेपी के 'कांग्रेस मुक्त भारत' के जवाब में 'कांग्रेस युक्त भाजपा' का ताना कसा।
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए ट्वीट में लिखा है कि अब बीजेपी कांग्रेस जैसी नजर आ रही है, क्योंकि उसमें कई नेता शामिल हो चुके हैं। थरूर ने यह ट्वीट कर अपनी बात कही-
'छोड़कर जा रहे हैं घर अपना
शायद उनके कुछ और सपने हैं
अब उधर भी सब अपना सा है
अब उधर भी तो सभी अपने हैं'
(कांग्रेस युक्त भाजपा!)
यह भी पढ़ें - पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह बीजेपी में हुए शामिल, जानिए कांग्रेस और मोदी-योगी को लेकर क्या कहा
दरअसल आरपीएन सिंह के पालाबदल को लेकर कई कांग्रेसी नेताओं ने प्रतिक्रियाएं दीं। लेकिन कांग्रेस के किसी नेता की ओर से आई यह अब तक की सबसे रोचक प्रतिक्रिया है। बता दें कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपनी अंग्रेजी के अजीब शब्द और अलग अंदाज में विरोधियों पर निशाना साधने को लेकर काफी चर्चा में रहते हैं।
अमर जवान ज्योति को लेकर भी कड़ी प्रतिक्रिया
इंडिया गेट पर रखी अमर जवान ज्योति को अब राष्ट्रीय युद्ध स्मारक में समाहित कर दिया गया है, जिसके बाद से ही यह विवाद तेज होता जा रहा है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने इसे शहीदों का अपमान बताया है। वहीं अब इस मुद्दे पर शशि थरूर ने कहा कि आप अमर जवान ज्योति को सिर्फ इसलिए नहीं बुझा सकते क्योंकि आपको राष्ट्रीय युद्ध स्मारक में एक और लौ मिली है।
यह भी पढ़ें - पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने छोड़ी कांग्रेस, सोनिया गांधी को सौंपा अपना इस्तीफा
शशि थरूर ने कहा कि, लौ अमर होने के लिए है, यह अमर और शाश्वत होने के लिए है। आप सिर्फ वर्तमान सरकार की सनक के चलते जो शाश्वत है उसे नष्ट नहीं कर सकते हैं।