
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के नतीजों से पहले ईवीएम-वीवीपैट पर मचा बवाल कम होने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस नेता उदित राज ने अपने बयान से इस मसले को एक बार फिर हवा दे दी है। चुनाव आयोग के बाद अब उदित राज ने ईवीएम-वीवीपैट मसले को लेकर सुप्रीम कोर्ट पर धांधली का आरोप लगाया है। उदित राज ने ट्वीट के जरिये सुप्रीम कोर्ट पर आरोप लगाया है...राज ने लिखा है कि सुप्रीम कोर्ट क्यों नहीं चाहता कि वीवीपैट की सारी पर्चियों को गिना जाए। क्या वो भी धांधली में शामिल है।
उदित राज यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे लिखा कि चुनावी प्रक्रिया में जब करीब तीन महीने से सारे सरकारी काम मंद पड़े हैं ऐसे में मतगणना में दो-तीन दिन और लग जाएं तो क्या फर्क पड़ता है। अपने इस बयान के बाद उदित राज ने नए विवाद को जन्म दे दिया है। खास बात यह है कि इस ट्वीट को उदित राज ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महसचिव प्रियंका गांधी को भी टैग किया है।
ये पहली बार नहीं है जब उदित राज ने विवादित बयान दिया है। इससे पहले भी उन्होंने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि भाजपा को जहां-जहां ईवीएम बदलना थी, बदल ली गई होगी। यही वजह है कि चुनाव सात चरण में कराया गया। आपकी कोई नहीं सुनेगा, चिल्लाते रहिये, लिखने से कुछ नहीं होगा, रोड पर आना पड़ेगा। देश को इन अंग्रेजों की गुलामी से बचाना है तो आंदोलन करना पड़ेगा साहब चुनाव आयोग बिक चुका है।
सिद्धू पर एक्शन की तैयारी में आलाकमान! मंगवाई गई बयानों की वीडियो क्लिप
आपको बता दें कि ईवीएम और वीवीपैट के मिलान को लेकर दायर याचिक सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी थी। कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा था कि मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की बेंच पहले ही इस पर फैसला कर चुकी है।