
-अरुण कंठालिया
Pratapgarh Badi Sadri Panchayat Samiti Election: बड़ीसादड़ी (प्रतापगढ़): पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में कांग्रेस को तीन-चौथाई बहुमत मिलने के बाद जहां पार्टी खेमे में उत्साह है, वहीं प्रधान पद को लेकर सियासी खींचतान और दावेदारी की दौड़ शुरू हो गई है। बहुमत के साथ ही कांग्रेस के विजयी प्रत्याशियों को बाड़ाबंदी में भेज दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के विजयी उम्मीदवारों को कांग्रेस नेता बद्रीलाल जाट के निर्देशन में अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है, जहां से फिलहाल प्रत्यक्ष संपर्क नहीं हो पा रहा है। क्रॉस वोटिंग या किसी भी तरह की संभावित टूट को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संगठन स्तर पर फिलहाल जिला प्रमुख पद के दावेदारों पर निर्णय के बाद ही पंचायत समिति प्रधानों के नामों पर अंतिम विचार-विमर्श और फैसला किया जाएगा। बताया जा रहा है कि 25 नवंबर को जिला प्रमुख के चयन की प्रक्रिया के साथ ही आगे की तस्वीर साफ हो सकेगी। उधर, बड़ी हार के बाद भाजपा खेमे में सन्नाटा पसरा है और स्थानीय स्तर पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बोहेड़ा वार्ड (रिकॉर्ड उलटफेर): कांग्रेस की जयश्री राठौड़ ने शिक्षक नेता नर्बदाशंकर पुष्करना को 2,332 मतों से हराया (प्रदेश की दूसरी सबसे बड़ी जीत)। पिछली बार यहां भाजपा के रामचंद्र जोशी ने कांग्रेस के लक्ष्मीलाल दामावत को 1,150 मतों से हराया था।
सांगरिया-कचुमरा वार्ड: कांग्रेस की अजिता शर्मा (2,301 मत) ने पूर्व उप प्रधान पारू देवी मेनारिया (2,012 मत) को 289 मतों से हराया।
अहम तारीख: 25 नवंबर को जिला प्रमुख चयन की प्रक्रिया के साथ प्रधान पद की तस्वीर साफ होने की संभावना है।
दावेदारी को लेकर दो प्रमुख चेहरे सामने: प्रचंड जीत के बाद अब प्रधान की कुर्सी के लिए दावेदारी तेज हो गई है। पूर्व उप प्रधान उमेश शर्मा अपनी पत्नी और पूर्व पंचायत समिति सदस्य अजिता शर्मा को प्रधान पद दिलाने के लिए सक्रिय हैं और ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों के समर्थन का दावा कर रहे हैं। अजिता शर्मा ने सांगरिया-कचुमरा वार्ड से पूर्व उप प्रधान पारू देवी मेनारिया को 289 मतों के अंतर से हराया है। इस वार्ड में अजिता शर्मा को 2,301 मत और पारू देवी मेनारिया को 2,012 मत मिले।
दूसरी ओर, भाजपा के पारंपरिक गढ़ माने जाने वाले बोहेड़ा वार्ड से ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली जयश्री राठौड़ के जरिए भी प्रधान पद के लिए मजबूत दावेदारी पेश की जा रही है। जयश्री राठौड़ ने प्रदेश के शिक्षक नेता नर्बदाशंकर पुष्करना को 2,332 मतों के बड़े अंतर से हराया है, जो प्रदेश की दूसरी सबसे बड़ी जीत बताई जा रही है।
गौरतलब है कि गत पंचायत समिति चुनाव में भाजपा के रामचंद्र जोशी ने इसी वार्ड से कांग्रेस के लक्ष्मीलाल दामावत को 1,150 मतों से हराया था। इस बड़ी जीत के बाद जयश्री राठौड़ के पति और प्रदेश कांग्रेस सचिव हनुमंतसिंह बोहेड़ा चुनाव परिणाम आने के बाद से ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, पूर्व मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में हैं। उनका तर्क है कि वे 25 वर्षों से पार्टी की विभिन्न जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और पूर्व विधायक राव ललित सिंह के बाद क्षेत्र में क्षत्रिय प्रतिनिधित्व का अवसर उन्हें मिलना चाहिए।