प्रतापगढ़

प्रतापगढ़: बहन को मायके लाना पड़ा भारी, 6 महीने से चल रहा था पति-पत्नी में विवाद, रिटायर्ड फौजी ने साले को मारी गोली

UP Crime News: प्रतापगढ़ में पारिवारिक विवाद के चलते रिटायर्ड फौजी ने मेडिकल स्टोर संचालक साले को गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचे देवेंद्र यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई।
2 min read
Aug 18, 2026
Pratapgarh News
रिटायर्ड फौजी ने साले को मारी गोली (IANS Photo)

Pratapgarh News: प्रतापगढ़ के मदाफरपुर बाजार में मंगलवार दोपहर पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मेडिकल स्टोर पर बैठे संचालक देवेंद्र यादव को उनके रिटायर्ड फौजी साले ने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी कपिल यादव और उसकी पत्नी के बीच करीब छह महीने से विवाद चल रहा था। सोमवार को विवाद के बाद देवेंद्र अपनी बहन को मायके ले आए थे। इसी बात से नाराज होकर आरोपी मंगलवार को मेडिकल स्टोर पहुंचा था।

दुकान में घुसकर मारी 3 गोलियों

घटना कोहंडौर थाना क्षेत्र के मदाफरपुर बाजार की है। यहां प्रसाद यादव के बेटे देवेंद्र यादव का मेडिकल स्टोर है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे देवेंद्र अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके साले कपिल यादव वहां पहुंचे। दोनों के बीच कहासुनी हुई और इसके बाद कपिल ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से देवेंद्र पर गोली चला दी। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक देवेंद्र को तीन गोलियां लगीं। एक गोली सिर, दूसरी कमर और तीसरी पैर में लगी।

10 राउंड फायरिंग की, भीड़ ने आरोपी को दबोचा

वारदात के दौरान बाजार में कई राउंड फायरिंग होने की भी चर्चा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी ने करीब 10 राउंड फायरिंग की, जिसके बाद बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। गोली चलाने के बाद कपिल मौके से भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। भीड़ ने आरोपी को रस्सी से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई की। सूचना मिलते ही कोहंडौर पुलिस मौके पर पहुंची।

छह महीने से चल रहा था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में घटना की वजह पारिवारिक विवाद सामने आ रही है। कपिल यादव और उनकी पत्नी प्रियंका की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब छह महीने से विवाद चल रहा था। सोमवार को पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ। इसके बाद प्रियंका अपने मायके चली आईं। देवेंद्र अपनी बहन प्रियंका को 17 अगस्त को अपने घर ले आए थे। इसी बात से कपिल नाराज था। मंगलवार को वह मदाफरपुर बाजार पहुंचा और देवेंद्र की दुकान पर जाकर उनसे विवाद करने लगा। कहासुनी के बाद उसने गोली चला दी।

रिटायर्ड फौजी है आरोपी

आरोपी कपिल यादव अमेठी जिले के खानापुर का रहने वाला बताया गया है। वह पहले सेना में तैनात था और करीब एक साल पहले रिटायर हुआ था। वर्तमान में वह सुल्तानपुर जिला अस्पताल में गार्ड के पद पर काम कर रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के पास लाइसेंसी पिस्टल थी, जिससे देवेंद्र को गोली मारी गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

एसपी ने बताई घटना की वजह

पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे पारिवारिक विवाद को लेकर गोलीबारी की सूचना मिली थी। सेना से रिटायर्ड और सुल्तानपुर जिला अस्पताल में गार्ड के पद पर तैनात कपिल यादव पर अपने साले देवेंद्र यादव को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि घायल देवेंद्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने आरोपी की पिटाई की, जिसके बाद उसे भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Updated on:
18 Aug 2026 04:04 pm
Published on:
18 Aug 2026 04:04 pm
Also Read
View All