प्रयागराज

अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता आखिरी बार कब दिखी थी? पति और 2 बेटों की मौत पर भी नहीं आई सामने

Atiq Ahmed wife Shaista Parveen: माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन बीते करीब तीन साल से फरार चल रही हैं। यूपी पुलिस लगातार शाहस्ता की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
2 min read
Shaista Parveen
अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन (File Photo)

Shaista Parveen Updates: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान को शनिवार को प्रयागराज के कसारी मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। अबान अहमद को उनके पिता अतीक अहमद की कब्र के ठीक बगल में दफनाया गया। इस दौरान अबान के जेल में बंद दोनों बड़े भाई मोहम्मद उमर और अली अहमद विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच जनाजे में शामिल हुए, लेकिन एक चेहरा जो पूरी तरह गायब रहा, वह था अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन का।

पति और बेटे असद की मौत पर भी नहीं आई थीं शाइस्ता

यह पहली बार नहीं है जब शाइस्ता परिवार के किसी सदस्य की मौत पर सामने नहीं आई हैं। इससे पहले जब उनके पति अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ और बेटे असद की मौत हुई थी, तब भी शाइस्ता कहीं नजर नहीं आई थीं। परिवार में लगातार हो रही इन दुखद घटनाओं के बावजूद शाइस्ता का सार्वजनिक रूप से सामने न आना कई सवाल खड़े करता है।

3 साल से फरार है अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन

अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन 24 फरवरी, 2023 (उमेश पाल हत्याकांड) के बाद से लगातार भूमिगत है। शाइस्ता परवीन बीते करीब तीन साल से फरार चल रही हैं। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। शाइस्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है, बावजूद इसके वह पुलिस की पकड़ से दूर बनी हुई हैं।

9 राज्यों में जारी है शाइस्ता की तलाश

सूत्रों के अनुसार, शाइस्ता की तलाश सिर्फ उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस टीमें देश के 9 राज्यों में उनकी सरगर्मी से खोजबीन कर रही हैं। इसके बावजूद वह लगातार पुलिस को चकमा देने में कामयाब होती दिख रही हैं। परिवार में हुई इतनी बड़ी घटनाओं पति और दो बेटों की मौत के बावजूद उनका सामने न आना इस बात की ओर इशारा करता है कि वह किसी भी सूरत में पकड़े जाने का जोखिम नहीं लेना चाहतीं।

हर पारिवारिक हादसे पर सुर्खियों में रही शाइस्ता की गैरमौजूदगी

अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या (15 अप्रैल 2023) के बाद से ही परिवार सुर्खियों में बना हुआ है। इसके बाद बेटे असद (अप्रैल 2023) की पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई थी। अब सबसे छोटे बेटे अबान की भी मौत हो गई, जिसके बाद परिवार में मातम का माहौल है। इन सभी मौकों पर परिवार के करीबी लोग और रिश्तेदार मौजूद रहे, लेकिन शाइस्ता की गैरमौजूदगी हर बार चर्चा का विषय बनी।

पुलिस की पकड़ से बाहर

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि शाइस्ता जानबूझकर सार्वजनिक कार्यक्रमों और अंतिम संस्कार जैसे मौकों से दूरी बना रही हैं, ताकि वह पुलिस की निगरानी से बची रहें। हालांकि, जनाजे और अन्य पारिवारिक मौकों पर पुलिस को शक होता है कि फरार आरोपी सामने आ सकते हैं, इसलिए ऐसे अवसरों पर सुरक्षा एजेंसियां खास तौर पर चौकसी बढ़ा देती हैं।

कहां और किस हाल में हैं शाइस्ता परवीन

फिलहाल शाइस्ता परवीन कहां हैं और वह किस हाल में हैं, इसकी कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की टीमें लगातार उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी है।

Updated on:
09 Aug 2026 05:24 pm
Published on:
09 Aug 2026 05:24 pm
Also Read
View All