
Keshav Prasad Maurya on Ghazipur encounter: गाजीपुर में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए कमलेश बिंद के एनकाउंटर को लेकर विपक्ष द्वारा सवाल खड़े किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी है। इसके साथ ही उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आरोप लगाने से पहले सपा के लोग अपने कार्यकाल को याद कर लें कि उनके कार्यकाल में किस तरह अपराध चरमसीमा पर था।
प्रयागराज में प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गाजीपुर एनकाउंटर के बाद विपक्ष द्वारा सवाल उठाए जाने पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा है कि गाजीपुर में हुए एनकाउंटर को लेकर सरकार संवेदनशील है और यदि किसी प्रकार की इस मामले में लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा है कि गाजीपुर एनकाउंटर की पूरी जांच कराई जाएगी।
समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा आरोप लगाए जाने के बाद केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि बढ़ रहे अपराधों को रोकने के लिए सरकारी तंत्र को कठोर कदम उठाने पड़ते हैं। उन्होंने कहा है कि आरोप लगने के बाद और परिवार द्वारा शिकायत करने के बाद सरकार इस मामले की जांच भी करवाती है और जांच ही नहीं यदि इस मामले में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है। उन्होंने कहा है कि कमलेश बिंद एनकाउंटर मामले की भी जांच जरूर होगी और होनी भी चाहिए।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगातार एनकाउंटर को लेकर सवाल उठाए जाने पर केशव मौर्य ने कहा है कि दोनों में से किसी को भी कानून व्यवस्था को लेकर सवाल पूछने का हक नहीं है। समाजवादी पार्टी को अपना कार्यकाल याद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब से केंद्र और उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार आई है, देश और प्रदेश हमेशा विकास की पथ पर आगे बढ़ रहा है और बढ़ता रहेगा। आज पूरे प्रदेश में माफिया राज खत्म हो चूका है और अब यहां कानून का राज है।
वहीं, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा गाय को राष्ट्र माता का दर्जा दिए जाने को लेकर केशव मौर्य ने कहा है कि यह सिर्फ राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में हर कोई जानता है कि अगर किसी ने गाय को छेड़ा तो सरकार उसे छोड़ेगी नहीं। ऐसे में गौर संरक्षण के प्रति बीजेपी पहले से ही वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं पर भी गौ हत्या नहीं हो रही है और गाय की हत्या करने वाले सलाखों के पीछे हैं। केशव मौर्य ने कहा कि ऐसे लोगों को पुलिस अपनी भाषा में जवाब देती है।