प्रयागराज

पत्नी फोन पर गंदी-गंदी बातें करती है…मार डाला और फिर खुद भी शराबी पति ने दे दी जान

Prayagraj Crime News : प्रयागराज के कौंधियारा में पति ने पत्नी की हत्या कर सुसाइड किया। मरने से पहले पुलिस को दी शिकायत में पत्नी के अवैध संबंधों का शक जताया था।
2 min read
Feature image
पत्नी की हत्या के बाद खुद भी कर ली आत्महत्या, PC- X

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के कौंधियारा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां गढ़वा कला गांव में एक शख्स ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी फंदे से लटककर जान दे दी। इस घटना के बाद से गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

हादसे का पता रविवार सुबह तब चला जब घर में मौजूद बच्चे अपने पिता को जगाने कमरे पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था और काफी आवाज देने के बाद भी कोई हलचल नहीं हुई। बच्चों के शोर मचाने पर दादी और पड़ोसी वहां इकट्ठा हुए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का नजारा भयावह था। पत्नी पूर्णिमा (34) का शव जमीन पर पड़ा था, जबकि पति अनिल तिवारी (36) का शव कुंडे से लटका हुआ था।

शिकायती पत्र में लगाया था 'गंदी बातों' का आरोप

मरने से पहले अनिल तिवारी ने पुलिस कमिश्नर को संबोधित एक शिकायती पत्र लिखा था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पत्र में अनिल ने आरोप लगाया था कि:

  • कुछ अज्ञात लोग उसकी पत्नी को फोन और व्हाट्सएप के जरिए बहला-फुसला रहे हैं।
  • फोन पर अश्लील बातचीत कर उसे साथ ले जाने की कोशिश की जा रही है।
  • 11 अप्रैल की रात को उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी मिली थी।

नशा, कर्ज और आपसी विवाद

ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, अनिल पेशे से बोलेरो चालक था लेकिन वह नशे और जुए की लत का शिकार हो चुका था। कर्ज के बोझ और पत्नी पर शक के चलते घर में अक्सर विवाद होता था। मृतका के भाई राहुल मिश्रा ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने 4 दिन पहले ही थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। भाई का आरोप है कि उसकी बहन को पहले जहर दिया गया और फिर उसकी गला दबाकर हत्या की गई।

पुलिस की कार्रवाई

एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह केवल घरेलू विवाद का नतीजा था या इसके पीछे अनिल द्वारा पत्र में लगाए गए आरोपों में कोई सच्चाई है। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Published on:
03 May 2026 08:25 pm