
Secret Marriage Claim: केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में अब एक नया खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में यह दावा सामने आया है कि मामले के मुख्य आरोपी चेतन चौधरी ने हत्या से पहले एक लॉज में सिया गोयल की मांग में सिंदूर भरकर उससे शादी की थी। फिलहाल पुलिस इस दावे की पुष्टि के लिए डिजिटल सबूतों और दोनों आरोपियों के बयानों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह शादी केतन से सिया की सगाई से पहले हुई थी या बाद में।
पुलिस पूछताछ में सिया गोयल और चेतन चौधरी ने दावा किया कि उन्होंने केतन की हत्या से करीब चार महीने पहले गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी। दोनों ने बताया कि एक लॉज में केवल वे ही मौजूद थे और वहीं चेतन ने सिया की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी पत्नी माना। इस शादी में कोई गवाह मौजूद नहीं था। बता दें कि जांच एजेंसियों ने दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। इनमें मौजूद व्हाट्सएप चैट, तस्वीरें और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इन्हीं डिजिटल सबूतों से इनके रिश्ते और पूरे मामले की गुत्थी सुलझ पाएगी।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कथित शादी आखिर किस जगह हुई थी और उसकी सही तारीख क्या थी। जांच का सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या चेतन और सिया ने यह कदम 19 फरवरी को केतन से हुई सगाई से पहले उठाया था या उसके बाद। अधिकारियों का कहना है कि मैसेज और कॉल रिकॉर्ड की टाइमलाइन तैयार की जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम को सही तरीके से समझा जा सके।
हालांकि पुणे ग्रामीण पुलिस का कहना है कि फिलहाल उनके पास ऐसा कोई कानूनी दस्तावेज मौजूद नहीं है, जिससे यह साबित हो सके कि चेतन और सिया की शादी वैध रूप से हुई थी। पुलिस को न तो विवाह प्रमाण पत्र मिला है और न ही किसी रजिस्ट्रेशन का रिकॉर्ड सामने आया है।
जांच में सिया के मोबाइल से एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस को उसकी ब्राउजिंग हिस्ट्री में पता चला कि उसने केतन की हत्या से पहले चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड के बारे में इंटरनेट पर काफी जानकारी खोजी थी। राजा रघुवंशी वही हत्याकांड है जिसमें पति-पत्नी हनीमून पर गए थे और वहां पर सोनम ने अपने पति की सुपारी देकर हत्या करवा दी थी। पुलिस इन दोनों मामले में सामनताओं की जांच कर रही है।