
केतन अग्रवाल के साथ सिया व इनसेट में चेतन चौधरी। फोटो: पत्रिका
Ketan Agarwal Murder Case : पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल मर्डर केस में हर दिन कोई न कोई नया खुलासा हो रहा है। अब पुलिस जांच में पता चला है कि राजा रघुवंशी और केतन अग्रवाल की हत्याओं के बीच अजीब समानताएं देखने को मिल रहीं हैं। इन दोनों ही मामलों में पीड़ितों को उनकी साथी ने पहाड़ पर लेकर नीचे धक्का दे दिया था। जांच के दौरान पता चला है कि सिया और उनका प्रेमी चेतन चौधरी ने शायद सोनम रघुवंशी द्वारा अपने पति का मर्डर के लिए बनाई योजना को अपनाया होगा। हालांकि अभी मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सिया के पास से बरामद किए गए मोबाइल फोन की ब्राउजिग हिस्ट्री से पता चलता है कि उसने मेघालय में हुए राजा रघुंवशी हत्याकांड की जानकारी सर्च की थी। सिया के घर से मिले दूसरे मोबाइल फोन उसकी योजना और अंजाम देने के लिए में कोई नया सुराग दे सकता है। फिलहाल इन मोबाइलों को फॉरेसिक जांच के लिए भेजा गया है।
रिपोर्ट में पुलिस ने बताया कि केतन अग्रवाल को मौत के घाट उतारने की पहली नाकाम कोशिश 14 जून को ही कर ली गई थी। लेकिन ऐन वक्त पर सिया की हिम्मत जवाब दे गई। इसके बाद उसने चेतन चौधरी को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा "मुझमें अकेले यह करने की हिम्मत नहीं है, तुम भी आ जाओ… हम दोनों मिलकर उसे खाई से नीचे धकेल देंगे।" गौरतलब है कि केतन अग्रवाल को कथित तौर पर 18 जून को लोहागढ़ किले से धक्का देकर मार दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है।
वहीं इससे पहले पुलिस के हाथ लगी स्नैपचैट चैट के मुताबिक, 24 और 25 मई की बातचीत में सिया अपनी एक दोस्त से आधार कार्ड की फोटो भेजने के लिए कहती है। चैट में सिया लिखती है, 'आधार भेजो, शादी के लिए टिकट बुक करनी है… जो शादी नहीं होने वाली है, फिर भी भेज दो।' इसके जवाब में उसकी दोस्त लिखती है कि उसने आधार की कॉपी व्हाट्सऐप पर भेज दी है। फिलहाल पुलिस उस दोस्त की पहचान और इस बातचीत के उद्देश्य की भी जांच कर रही है।
Updated on:
08 Jul 2026 05:00 pm
Published on:
07 Jul 2026 02:28 pm
