रायबरेली

‘PM मोदी कह रहे हैं विदेश यात्रा पर मत जाइए और खुद दुनिया के चक्कर काट रहे हैं’, राहुल गांधी बोले-आर्थिक तूफान आने वाला है

Rahul Gandhi UP Visit Update: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तूफान आने वाला है। इसके अलावा उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर भी जमकर निशाना साधा।

2 min read
राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज

Rahul Gandhi UP Visit Update: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी(Rahul Gandhi) 2 दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। मंगलवार को रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में बड़ा आर्थिक संकट आने वाला है और इसका सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश की जनता पर पड़ेगा।

ये भी पढ़ें

राहुल गांधी से जुड़े केस में हाई कोर्ट ने ED-CBI को जारी किया नोटिस, क्या है मामला?

“आर्थिक तूफान आने वाला है”

रायबरेली में मीडिया और लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो आर्थिक ढांचा तैयार किया है, वह टिक नहीं पाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह व्यवस्था केवल उद्योगपति अडाणी और अंबानी के इर्द-गिर्द बनाई गई है।

राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले समय में यह आर्थिक ढांचा पूरी तरह टूट जाएगा और इसका सबसे बड़ा नुकसान आम जनता को उठाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक झटका लगने वाला है।

“अडाणी-अंबानी को नहीं, जनता को होगा नुकसान”

राहुल गांधी ने कहा कि आर्थिक संकट का असर बड़े उद्योगपतियों पर नहीं बल्कि आम लोगों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा, किसान और छोटे कारोबारी मुश्किल दौर से गुजरने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हालात सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जनता की समस्याओं से ध्यान हटाकर विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं।

“प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं में व्यस्त”

कांग्रेस सांसद ने कहा कि पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और महंगाई आसमान छू रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार सरकार को कार्रवाई करने की सलाह दे रही है, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों को गंभीरता से नहीं ले रही। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री कभी नॉर्वे चले जाते हैं, कभी जापान और कभी दूसरे देशों के दौरे पर रहते हैं, जबकि देश के लोग महंगाई और आर्थिक दबाव से परेशान हैं। उन्होंने कहा, '' PM मोदी कह रहे हैं कि विदेश यात्रा पर मत जाइए, जबकि PM मोदी खुद दुनिया के चक्कर काट रहे हैं।''

लखनऊ एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

राहुल गांधी मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे दिल्ली से लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी (Pramod Tiwari) ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक एयरपोर्ट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने बैनर-पोस्टर लेकर राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी की।

रास्ते में चुरुवा मंदिर में किए हनुमानजी के दर्शन

लखनऊ से राहुल गांधी सड़क मार्ग से रायबरेली रवाना हुए। रास्ते में उन्होंने अपना काफिला रुकवाकर चुरुवा मंदिर में हनुमानजी के दर्शन किए। मंदिर के पुजारी ने उन्हें माला पहनाई और प्रसाद भेंट किया। इसके बाद राहुल गांधी बछरावां पहुंचे, जहां उन्होंने सांसद निधि से बने मैरिज हॉल का उद्घाटन किया और स्थानीय लोगों से बातचीत भी की।

रायबरेली में कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

राहुल गांधी मंगलवार को रायबरेली में ही रुकेंगे। उनके कार्यक्रमों में खीरो गांव में एक छोटी जनसभा को संबोधित करना और लालगंज में महिला संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेना शामिल है। इसके अलावा 20 मई को वह जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों से मुलाकात करेंगे। साथ ही स्वतंत्रता सेनानी वीरा पासी की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। इसके बाद उनका अमेठी जाने का कार्यक्रम है।

लोकसभा चुनाव के बाद सातवां रायबरेली दौरा

लोकसभा चुनाव 2024 के बाद राहुल गांधी का यह सातवां रायबरेली दौरा है। इससे पहले वह 19 जनवरी 2026 को रायबरेली आए थे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी अभी से उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में सक्रिय हो गए हैं और लगातार रायबरेली व अमेठी के जरिए संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं।

ये भी पढ़ें

राहुल गांधी की दोहरी नागरिकता पर 27 मई को आ सकता है फैसला, आय से अधिक संपत्ति मामले में पत्रावली सील
Also Read
View All