Crime News: रायगढ़ जिले के देलारी गांव में वन्यजीव शिकार का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां कुछ ग्रामीण हिरण का शिकार कर उसका मांस पका रहे थे।
CG Crime News: रायगढ़ के जिला मुख्यालय से लगे ग्राम देलारी में कुछ लोगों ने वन्यप्राणी हिरण का शिकार कर उसका मांस पका रहे थे तभी वन विभाग ने दबिश दी। पके हुए मांस के साथ 5 लोगों के खिलाफ पीओआर दर्ज कर सभी को गिरफ्तार किया है।
गुरूवार को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद वन विभाग अधिकारी सजग हुए। एसडीओ ने संदिग्धों के घर में तलाशी के लिए वारंट जारी किया जिसके बाद रायगढ़ रेंजर संजय लकड़ा अपनी टीम के साथ संदिग्धों के घरों में दबिश देना शुरू किया।गुरूवार देर शाम रेड की कार्रवाई के दौरान देलारी निवासी 4 ग्रामीणों के यहां पका हुआ मांस मिला तो वहीं एक ग्रामीण हिरण के मांस को पका हुआ मांस खा चुका था।
वन विभाग की टीम ने देलारी निवासी आत्माराम पिता धनीराम के यहां सबसे पहले दबिश दी जिसके यहां से हिरण का 0.400 ग्राम मांस मिला, इसके बाद मायाराम पिता धनीराम के यहां दबिश दिए जहां 2.5 किलोग्राम मांस मिला। हरिश्चंद्र पिता लक्ष्मीनारायण के यहां जांच में 1.4 किलोग्राम, तरूण पिता त्रिनाथों के यहां 0.500 किलो ग्राम (CG Crime News) हिरण का मांस पका हुआ मिला।
वहीं बयान में यह बात सामने आई कि मोतीराम पिता बुधुराम राठिया के यहां 1 किलोग्राम मांस था जिसे पकाकर खा चुके थे। मोतीराम ने वन विभाग की टीम द्वारा पूछताछ में उक्त बात को स्वीकार भी किया। सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 का उल्लंघन पाए जाने पर धारा 39,50,51 के तहत पीओआर दर्ज कर सभी को गिरफ्तार किया गया है।
गुरूवार को सभी आरोपियों की गिरफ्तार के बाद मायाराम पिता धनीराम को अस्पताल में भर्ती कराया गया। विभाग के अधिकारी संबंधित का बीपी बढ़ने के कारण अस्पताल मे भर्ती कराना बता रहे हैं, लेकिन शुक्रवार को बीपी सामान्य होने के बाद भी उसे अस्पताल में ही रखा गया था।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपियों में हरिश्चंद्र पूर्व सरपंच है। गुरूवार को देर शाम हुई कार्रवाई के बाद शुक्रवार को दिन भर डिवीजन में पड़ोसी जिले के किसी नेता की गाड़ी खड़ी रही। डिवीजन में दिन भर कश्मकश चलता रहा।
संजय लकड़ा, रेंजर, रायगढ़ के मुताबिक, हिरण का शिकार कर मांस पकाने की सूचना पर रेड की कार्रवाई की गई। 5 लोगों के खिलाफ पीओआर दर्ज कर सभी को गिरफ्तार किया गया है। एक का बीपी बढऩे के कारण उसे अस्पताल में रखा गया है।