
रायगढ़. यदि कोई महिला आपके घर आए और टूट या खराब बर्तन को सही और साफ करने की बात करे तो उसकी बातों में नहीं आइएगा। नहीं तो पहले वे महिलाएं आपके बर्तन को तो चमका कर वापस लौटा देंगी। वहीं इसके बाद वे आपसे जेवर चमकाने के नाम पर जेवर लेकर हों जाएंगी रफू चक्कर। इस तरह जेवर चमकाने की बजाए आपको जेवर से ही हाथ धोना पड़ेगा। इस तरह का मामला शहर के ही भगवानपुर, ढिमरापुर व बैकुंठपुर में सामने आ चुका है। ठग महिलाएं पहले बर्तन को चमका कर लौटा दी, लेकिन जब उन्हें जेवर मिला तो वे लौट कर नहीं आए।
चोरी के अलावा चेन स्नेचिंग के बाद अब कुछ ऐसी ठग महिलाएं सक्रिय हैं जो घरेलू महिलाओं से ठगी कर रहे हैं। ये महिलाएं ऐसे समय में कामकाजी महिलाओं के घर पहुंच रहे हैं जब वे घर में अकेली हों या फिर घर में पुरुष की उपस्थिति नहीं हो। इस समय ठगी महिलाएं कामकाजी महिलाओं के पास पहुंचती हैं घर के खराब व टूटे बर्तनों की सफाई व मरम्मत किए जाने की बात कहती है।
इसके लिए वे कई तरह की चिकनी चुपड़ी बातें करते हुए महिलाओं को आपने जाल में फांसती है। वहीं जब महिलाएं उन्हें घर के खराब बर्तन को मरम्मत व सफाई के लिए देती हैं तो एक से दो दिन बाद उस बर्तन की सफाई करते हुए उन्हें लौटा दी जाती है। इसके एवज में वे मात्र १० से १५ रुपए ही मेहनताना लेती हैं।
इस तरह वे घरेलू कामकाजी महिलाओं का विश्वास जीतते हुए पूरी तरह से उन्हें अपने चंगुल में फांसती हैं। फिर घरेलू कामकाजी महिलाओं से उनके जेवर चमकाने की बात कही जाती है। एक बार घर का सामान मिलने के बाद कुछ महिलाएं आसानी से ठग महिलाओं की बातों में आ जाती है और उन्हें अपना जेवर चमकाने के लिए दे देती हंै।
इधर जेवर मिलने के बाद ठग महिलाएं फरार हो जा रही है। इस तरह की घटना शहर के गोरखा, ढिमरापुर व बैकुंठपुर क्षेत्र में सामने आ चुका है। साथ ही गोपी टाकीज मार्ग पर भी ऐसी ठगी की घटना हो चुकी है, जिसे पुलिस भी स्वीकार कर रही है। हालांकि ठग की शिकार महिलाओं ने इसकी रिपोर्ट पुलिस से नहीं की है।
किसी का पायल तो किसी का हार हुआ पार
गोरखा व भगवानपुर में हुई इस तरह की ठगी की घटनाओं में आधा दर्जन महिलाएं शिकार हुई है। बताया जा रहा है कि अकेले गोरखा में ही करीब पांच घरेलू कामकाजी महिलाएं शिकार हुई हैं। यहां से किसी का पायल तो किसी का हार ठग महिलाएं लेकर चंपत हो गई हैं। इसके अलावा ढिमरापुर में रहने वाली एक महिला के पास से तीन जोड़ी पायल ठग महिलाएं लेकर चंपत हो चुकी है। इसके अलावा अन्य महिलाएं भी हैं जो ठगी के शिकार हुए हैं।
-यदि महिलाएं किसी प्रकार से ठगी के शिकार हो रहे हैं तो उन्हें सामने आना होगा और इसकी सूचना पुलिस को देनी होगी, ताकि पुलिस लोगों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर सकें। शिकायत नहीं मिलने के बाद भी विभागीय अमले को इस तरह बात अलर्ट रहने का निर्देश दिया जाएगा, ताकि ऐसी घटना नहीं हो- हरिश राठौर, एएसपी, रायगढ़