रायगढ़

CG Thagi News: सरकारी नौकरी का मायाजाल, एक ही गांव के तीन लोगों से 20 लाख की ठगी, शातिर ने ऐसे रचा पूरा खेल

Thagi News: सरकारी नौकरी का सपना दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह का रायगढ़ जिले में बड़ा खुलासा हुआ है, जहां एक ही गांव के तीन लोग ठगी का शिकार बन गए। आरोपियों ने मंत्रालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पहले भरोसा जीता और फिर लाखों रुपए ऐंठ लिए। हैरानी की बात यह है कि पीड़ितों ने नौकरी की उम्मीद में अपनी जमीन तक बेच दी और किस्तों में करीब 20 लाख रुपए आरोपियों को दे दिए।
2 min read
Mar 27, 2026
Bilaspur Fraud Case
ठगी (फोटो सोर्स- Freepik)

CG Thagi News: रायगढ़ जिले के पुसौर पुलिस ने मंत्रालय में सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित कुंजबिहारी पटेल (32 वर्ष) निवासी ग्राम घुघवा पुसौर पुलिस से 22 जनवरी को इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया की ग्राम गोपालपुर थाना चन्द्रपुर जिला सक्ती निवासी सितेश पाणिग्राही के पिता दुर्गा पाण्ग्रिाही का इसके गांव आना जाना था। इसी दौरान सितेश ने मंत्रालय में पहचान होने और सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे संपर्क किया।

आरोपी ने अपने भाई का ऑनलाइन जॉइनिंग लेटर दिखाकर विश्वास में लिया और किस्तों में बड़ी रकम की मांग की। पीड़ित ने जमीन बेचकर अप्रैल 2022 में 4,58,300 और बाद में 3,69,000 रुपए आरोपी सितेश को दिए। कई महीनों बाद भी कुंजबिहारी की नौकरी नहीं लगने पर सितेश पाणिग्राही को पैसे को वापस करने को बोला, तब सितेश धीरे धीरे पैसा वापस कर देने या अपनी जमीन की रजिस्ट्री कुंजबिहारी के नाम पर कर देने की बात कहकर टालमटोल करते रहे।

बाद में पता चला कि आरोपी सितेश पाणिग्राही ने इसी प्रकार अन्य व्यक्तियों से भी ठगी की। गांव के ही मुन्ना प्रसाद डनसेना से 3,77,000 व देवकुमार से 8,00,000 लेकर कुल 20,04,000 रुपए की ठगी की है। पैसे वापस मांगने पर आरोपी सितेश पाणिग्राही ने पीड़ितों को दुर्ग ले गया, जहां विवेक कुमार नामक व्यक्ति से मिलाया और दोनों ने नौकरी के नाम पर पैसे लेने की बात स्वीकारा और विवेक ने पीड़ितों को उनके नाम से चेक दिए गए, जो बैंक में जमा करने पर बाउंस हो गए।

मामले की विवेचना के दौरान पुसौर पुलिस द्वारा गवाहों के बयान एवं दस्तावेजी साक्ष्य एकत्रित किए गए। तकनीकी साक्ष्यों एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी विवेक कुमार को गिरफ्तार करने पुलिस टीम दुर्ग रवाना हुई जिसे पता तलाश कर अभिरक्षा में लेकर रायगढ़ लाया गया, आरोपी ने पूछताछ में नौकरी लगाने के नाम पर रकम लेने की बात स्वीकार की।

अन्य जिलों से ली जा रही जानकारी

आरोपी के कब्जे से एचडीएफसी बैंक का एक चेक, बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड एवं मोबाइल फोन जब्त किया गया। आरोपियों द्वारा अन्य जिलों में भी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने की जानकारी मिली है, जिस संबंध में भी जानकारी ली जा रही है। पुसौर पुलिस ने आरोपी विवेक कुमार को बीते 25 मार्च को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण के अन्य आरोपी सितेश पाणिग्राही की तलाश जारी है।

ऐसे झांसे से बच कर रहे

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि आमजन ऐसे झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें रायगढ़ पुलिस ऐसे आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी

Updated on:
27 Mar 2026 05:03 pm
Published on:
27 Mar 2026 05:03 pm