
रायगढ़. गांव से सोने-चांदी के गहने व शहर से बाइक चोरी करने वाले दो शातिर अपराधियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जो चोरी के गहने को बेचने के लिए गोपी टॉकीज रोड स्थित सोने की दुकान पर गया था। मुखबिर की सूचना पर कोतवाली के एएसआई ने उन्हें गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में 6 बाइक व स्कूटी के साथ करीब एक लाख रुपए के गहने बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ जुर्म दर्ज कर देर रात उसे जेल दाखिल कर दिया है।
रायगढ़ पुलिस को लगतार दूसरे दिन एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शहर के सार्वजनिक स्थानों से बाइक व स्कूटी की चोरी करने वाले दो शातिर अपराधियों को दबोचा है। एक ही गांव के रहने वाले इन आरोपियों ने गांव-गांव में घूम कर सोने-चांदी के गहने की चोरी भी करते थे। पुलिस कंट्रोल रूम में प्रेसवार्ता के दौरान एएसपी हरीश राठौर ने बताया कि शहर के गोपी टॉकीज रोड स्थित ज्वेलर्स दुकान में एक व्यक्ति सोने के 3 गहने बेचने आया था। ज्वेलर्स दुकान के संचालक को कुछ गड़बड़झाला लगा। जिसके बाद उसने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। कोतवाली से एएसआई इंगेश्वर यादव सहयोगी जवानों के साथ वहां पहुंचे और कार्रवाई की।
4 बाइक व स्कूटी की चोरी, बरामद
कोतवाली पुलिस के हत्थे चढ़े मन्नु ने पूछताछ में पहले बरमकेला के खोखेपुर गोबरसिंघा, सारंगढ़ के मुडिय़ाडीह, पुसौर के बोंदा से उक्त गहनों की चोरी करना बताया। वहीं इस चोरी में गांव के गैरेज मिस्त्री नीलमणि उर्फ बंशी यादव पिता माधव यादव की संलिप्ता के होने की बात कही। बंशी यादव से पूछताछ में रायगढ़ शहर से चोरी की गई 4 बाइक व 2 स्कूटी भी बरामद की गई है। जो अलग-अलग जगहों से चोरी की गई थी। पुलिस की माने तो ढाई लाख रुपए की गाड़ी के अलावा एक लाख रुपए के गहनों को जब्त किया गया है।