रायगढ़

इस जिले में नहीं मिल रही देशी और सस्ती शराब, दुकानों के चक्कर काट रहे मदिरा प्रेमी

Chhattisgarh Liquor Shortage: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में देशी, गोवा और सस्ती शराब की कमी से शराब प्रेमियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

2 min read
May 07, 2026
शराब की किल्लत से बढ़ी परेशानी (photo source- Patrika)

Chhattisgarh Liquor Shortage: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में इन दिनों शराब प्रेमियों को अपनी पसंद की शराब खरीदने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिले की कई देशी और अंग्रेजी शराब दुकानों में पर्याप्त मात्रा में स्टॉक नहीं पहुंचने के कारण देशी, गोवा और कम कीमत वाली शराब की भारी कमी देखने को मिल रही है। हालत यह है कि लोग एक दुकान से दूसरी दुकान तक भटकने को मजबूर हैं। जानकारी के अनुसार, यह समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है और खासतौर पर सस्ती शराब पसंद करने वाले उपभोक्ताओं को ज्यादा दिक्कत हो रही है।

ये भी पढ़ें

Action in Jhumka cruise: झुमका क्रूज में शराबखोरी पर बड़ा एक्शन, बंद कराया संचालन, टेंडर निरस्त करने का अल्टीमेटम

Chhattisgarh Liquor Shortage: जिले में 37 शराब दुकानें संचालित

रायगढ़ जिले में फिलहाल कुल 37 शराब दुकानें संचालित हैं। इनमें 2 प्रीमियम शराब दुकानें, 15 कंपोजिट दुकानें, 9 देशी शराब दुकानें और 11 अंग्रेजी शराब दुकानें शामिल हैं। शहर के सिग्नल चौक, बड़पारा, पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड, विजयपुर और पहाड़ मंदिर रोड स्थित शराब दुकानों में सबसे ज्यादा बिक्री होती है। इन दुकानों में आमतौर पर सस्ती से लेकर महंगी ब्रांड तक की शराब उपलब्ध रहती है, लेकिन फिलहाल कई दुकानों में कम कीमत वाली शराब का स्टॉक लगभग खत्म हो चुका है।

देशी और गोवा शराब की सबसे ज्यादा कमी

बताया जा रहा है कि अप्रैल महीने से देशी शराब, गोवा ब्रांड और कम कीमत वाली क्वार्टर व हाफ बोतलों की सप्लाई प्रभावित हुई है। इसका असर सीधे उन ग्राहकों पर पड़ रहा है जो कम कीमत वाली शराब खरीदते हैं। कई दुकानों में केवल महंगी शराब उपलब्ध है, जिसकी कीमत 600 से 700 रुपए या उससे अधिक बताई जा रही है। वहीं कुछ जगहों पर केवल महंगे क्वार्टर ही मिल रहे हैं। ऐसे में आम उपभोक्ताओं की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।

मजबूरी में खरीदनी पड़ रही महंगी शराब

शराब खरीदने पहुंचे कई लोगों ने बताया कि उन्हें अपनी पसंद का ब्रांड नहीं मिल पा रहा है। कुछ लोग मजबूरी में महंगी शराब खरीद रहे हैं, जबकि कई लोग अलग-अलग दुकानों के चक्कर काटने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे हैं। बीयर खरीदने वालों को भी इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्राहकों का कहना है कि उनकी पसंद के कई ब्रांड लगातार स्टॉक से बाहर चल रहे हैं।

ग्राहकों ने बताई अपनी परेशानी

शराब खरीदने पहुंचे मंतोष चौहान ने बताया कि वे गोवा शराब लेने दुकान पहुंचे थे, लेकिन स्टॉक खत्म होने की वजह से उन्हें दूसरी दुकान तलाशनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लगभग हर दुकान में यही स्थिति देखने को मिल रही है। वहीं अशोक नाम के ग्राहक ने कहा कि उन्हें सिर्फ दुकानों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। वे सादा और गोवा शराब खरीदने आए थे, लेकिन कहीं भी उपलब्ध नहीं हो रही है।

Chhattisgarh Liquor Shortage: आबकारी विभाग ने बताई वजह

जिला आबकारी अधिकारी क्रिस्टोफर खलखो ने बताया कि यह समस्या केवल रायगढ़ जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में ऐसी स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि नई शराब नीति और प्लास्टिक बोतलों से जुड़े नए सिस्टम के कारण सप्लाई प्रभावित हुई है। इसी वजह से कई दुकानों में स्टॉक की कमी देखने को मिल रही है।

आबकारी विभाग के अनुसार, आने वाले एक से दो सप्ताह के भीतर सप्लाई व्यवस्था में सुधार होने की संभावना है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दुकानों में पर्याप्त मात्रा में स्टॉक पहुंचने लगेगा और लोगों को अपनी पसंद की शराब आसानी से मिल सकेगी।

Published on:
07 May 2026 06:29 pm
Also Read
View All