
Raigarh Diesel Theft: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले एक आरोपी और चोरी का डीजल खरीदने वाले ढाबा संचालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने एक ही रात में पांच ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर करीब 300 लीटर डीजल चोरी किया था। पूंजीपथरा पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 80 लीटर चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल की गई महिंद्रा जाइलो कार जब्त की है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर को ट्रक चालक शशिकांत उपाध्याय (38) ने पूंजीपथरा थाने में डीजल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 17 नवंबर की रात वह अपना ट्रक लेकर पूंजीपथरा पहुंचा था। सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर वह सो गया। सुबह उठने पर उसने देखा कि ट्रक की डीजल टंकी टूटी हुई थी और उसमें रखा डीजल गायब था। जांच में पता चला कि आसपास खड़े चार अन्य ट्रकों की डीजल टंकियां भी तोड़ी गई थीं। इस तरह पांच ट्रकों से करीब 300 लीटर डीजल चोरी किया गया था। पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सूरज यादव (23), निवासी ग्राम सराईटोला, जिला जशपुर और हाल मुकाम दीनदयाल कॉलोनी रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पैसों की जरूरत के चलते उसने 17 नवंबर की रात अपनी पुरानी महिंद्रा जाइलो कार से सुनसान जगहों पर खड़े ट्रकों की रेकी की। इसके बाद पांच ट्रकों की डीजल टंकियां तोड़कर डीजल खाली ड्रमों में भर लिया। चोरी किए गए डीजल में से कुछ ट्रक चालकों को बेचा और कुछ संबलपुरी स्थित पूजा ढाबा के संचालक को बेच दिया। बाकी डीजल अपने पास छिपाकर रखा था।
सूरज से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पूजा ढाबा में दबिश दी। यहां संचालक मुकेश कुमार मखीजा (44), निवासी बोईरदादर रायगढ़ से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, उसने चोरी का डीजल खरीदना स्वीकार किया। पुलिस ने ढाबा संचालक के कब्जे से 30 लीटर और मुख्य आरोपी सूरज यादव के कब्जे से 50 लीटर डीजल बरामद किया। इस तरह कुल 80 लीटर डीजल जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 8 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की गई महिंद्रा जाइलो कार क्रमांक OD 05 AL 7035 भी जब्त की है। इसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है। चोरी का डीजल खरीदने के साक्ष्य मिलने पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) भी जोड़ी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में सूरज यादव (23 वर्ष), निवासी ग्राम सराईटोला, थाना बागबहार, जिला जशपुर, वर्तमान में दीनदयाल कॉलोनी रायगढ़ में रह रहा था। वहीं, दूसरे आरोपी मुकेश कुमार मखीजा (44 वर्ष), निवासी बोईरदादर रायगढ़, संबलपुरी स्थित पूजा ढाबा का संचालक है।