
Raigarh Jagatpur Road: रायगढ़ जिले के जगतपुर मार्ग पर वर्षों से अधूरी पड़ी पुलिया लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। निर्माण कार्य सत्ता परिवर्तन के बाद बंद हो गया और अब तक दोबारा शुरू नहीं हो सका है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आसपास के रहवासियों को उठानी पड़ रही है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। पानी भरने से आवागमन जोखिम भरा हो जाता है।
पुलिया निर्माण शुरू होने के बाद उम्मीद जगी थी कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान हो जाएगा, लेकिन कुछ हिस्से का काम होने के बाद निर्माण अचानक बंद कर दिया गया। इसके बाद न तो निर्माण एजेंसी ने काम शुरू किया और न ही संबंधित विभाग ने कोई ठोस पहल की। अधूरी पुलिया अब दुर्घटनाओं को भी आमंत्रित कर रही है।
जगतपुर मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे व अन्य लोग गुजरते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है जब बारिश के बीच स्कूल की छुट्टी होती है और स्कूल लगना होता है। एक छोर पर ही निर्माण होने की वजह से पुलिया सकरा है। इससे चार पाहिया वाहन आने पर जाम लग जाता है। जबकि कई परिजन भी अपने बच्चों को बारिश से बचाने चार पहिया वाहन से स्कूल छोड़ने जाते हैं। साथ ही निजी स्कूली वैन व आटो भी बच्चों को लेकर जाता है। पुलिया के पास पहुंचते ही जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। बच्चों को स्कूल पहुंचने में काफी परेशानी होती है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी यह मार्ग खतरनाक साबित हो रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार पुलिया अधूरी होने से आसपास के लोगोंं पर भी असर पड़ रहा है। आवागमन प्रभावित होने मार्ग पूूरी तरह जाम हो जाता है। इससे वाहनों की हार्न काफी शोर मचाते हैं। लोगों का कहना है कि पुलिया का निर्माण (Raigarh Jagatpur Road) पूरा नहीं कराए जाने तक यह समस्या बनी रहेगी।
कुछ समय पहले नगर निगम के महापौर ने जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था। उस समय स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि बारिश से पहले पुलिया बनकर तैयार हो जाएगी, लेकिन आश्वासन के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। रहवासियों का कहना है कि केवल घोषणाओं से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि जल्द निर्माण शुरू कर पुलिया को पूरा किया जाना चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर किया जाए। संबंधित विभाग निर्माण एजेंसी को निर्देश देकर काम जल्द शुरू कराए ताकि लोगों को राहत मिल सके। उनका कहना है कि यह केवल एक पुलिया का मामला नहीं, बल्कि प्रतिदिन सैकड़ो लोग आवाजाही और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। ऐसे में जिम्मेदार विभागों को प्राथमिकता के आधार पर निर्माण पूरा कराना चाहिए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को बार-बार होने वाली परेशानियों से निजात मिल सके।