
Raipur GST Raid: राज्य जीएसटी विभाग ने रायपुर जिले के आरंग और अभनपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। विभाग की विशेष टीम ने पिछले एक सप्ताह से लगातार जांच और छापेमारी अभियान चलाकर बिस्किट, बेकरी, बारदाना, पोल्ट्री, पेवर ब्लॉक और पेयजल कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों की गतिविधियों की पड़ताल की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कई कारोबारी बड़े पैमाने पर उत्पादन और व्यापार कर रहे थे, लेकिन या तो नियमित रूप से जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं कर रहे थे या फिर वास्तविक कारोबार की तुलना में बेहद कम टर्नओवर दर्शा रहे थे। जीएसटी अधिकारियों के मुताबिक अभनपुर के कोलर स्थित एक बिस्किट फैक्ट्री, सेजबहार क्षेत्र के किराना और बेकरी कारोबारियों सहित कुछ पोल्ट्री संचालकों के यहां अब तक लगभग एक करोड़ रुपये की कर चोरी का पता चला है। हालांकि जांच अभी जारी है, इसलिए अंतिम आंकड़ा और बढ़ सकता है।
जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि कई फैक्ट्रियां ऊंची चारदीवारी और बंद परिसरों के भीतर संचालित की जा रही थीं। बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक थी और कर्मचारियों को भी कारोबारी गतिविधियों की जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के निर्देश दिए गए थे। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कई वाहनों पर पहचान संबंधी जानकारी नहीं थी और कुछ मामलों में बिना वैध इनवॉइस के माल का परिवहन किया जा रहा था। इससे कर चोरी और दस्तावेजी अनियमितताओं की आशंका और मजबूत हुई।
जीएसटी विभाग ने सीधे कार्रवाई करने के बजाय पहले कई दिनों तक संबंधित क्षेत्रों में गोपनीय निगरानी अभियान चलाया। अधिकारियों ने फैक्ट्रियों से निकलने वाले वाहनों और माल की आवाजाही पर नजर रखी। इस दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग, स्थानीय स्तर पर जानकारी संग्रह और गतिविधियों की निगरानी की गई। पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद ही विभाग ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जीएसटी कानून में हाल ही में किए गए संशोधनों के बाद कर चोरी और फर्जीवाड़े के मामलों में सख्ती बढ़ाई गई है। बार-बार कर चोरी करने या फर्जी दस्तावेजों के जरिए टैक्स बचाने वाले कारोबारियों के खिलाफ गैर-जमानती अपराध के प्रावधान भी लागू किए जा सकते हैं। ऐसे मामलों में दोषियों को जेल की सजा तक का सामना करना पड़ सकता है।
स्टेट जीएसटी आयुक्त पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि शहर के बाहरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर संचालित उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जानकारी मिलने के बाद विशेष जांच अभियान शुरू किया गया है। प्रारंभिक जांच में ही लाखों रुपये की कर चोरी उजागर हुई है और आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।उन्होंने स्पष्ट किया कि टैक्स चोरी, फर्जी बिलिंग और राजस्व को नुकसान पहुंचाने वाले कारोबारियों के खिलाफ विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
जीएसटी विभाग की इस कार्रवाई को कर चोरी के खिलाफ बड़े अभियान के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कारोबार का वास्तविक विवरण छिपाकर कर चोरी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। जांच पूरी होने के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कर वसूली, जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।