रायपुर

Raipur Fraud Case: रायपुर में निवेश के नाम पर 1.13 करोड़ की ठगी, दो महिला आरोपी गिरफ्तार

Investment fraud: रायपुर पुलिस ने 1.13 करोड़ रुपये की निवेश ठगी का खुलासा करते हुए नागपुर से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 45 करोड़ रुपये के नकली नोटों को विशेष रसायन से असली बनाने, भारी निवेश दिलाने और हनी ट्रैप के जरिए कारोबारी को झांसे में लेकर करोड़ों की ठगी की।
2 min read
Aug 05, 2026
Raipur Fraud Case
45 करोड़ के नकली नोटों को बदलने का झांसा (photo source- Patrika)

Raipur Fraud Case: राजधानी रायपुर की तेलीबांधा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने 1.13 करोड़ रुपये की हाई-प्रोफाइल निवेश ठगी का खुलासा करते हुए महाराष्ट्र के नागपुर से दो अंतरराज्यीय महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एक कारोबारी को 45 करोड़ रुपये के नकली नोटों को विशेष रसायन से असली नोटों में बदलने और बड़ा निवेश दिलाने का झांसा दिया। हनी ट्रैप और फर्जी दस्तावेजों के जरिए विश्वास जीतकर उन्होंने कारोबारी से 1.13 करोड़ रुपये ठग लिए।

Honey Trap Scam: फाइल प्रोसेसिंग का रचा नाटक

पुलिस के अनुसार, बालोद जिले के ग्राम बोरिदकला निवासी उमेश कुमार सिन्हा (डायरेक्टर, सालिक ग्रीन रिन्यूएबल एनर्जी प्रा. लि.) को अपनी कंपनी के विस्तार के लिए 45 करोड़ रुपए की जरूरत थी। इसी दौरान उनका संपर्क इस शातिर गिरोह से हुआ। गिरोह में शामिल महिलाओं ने हनी ट्रैप और अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर पीड़ित को झांसे में लिया।

आरोपियों ने पीड़ित को चेन्नई और नागपुर बुलाकर बड़े अधिकारियों से मुलाकात और फाइल प्रोसेसिंग का नाटक रचा। इसके बाद नकली केमिकल और तथाकथित विदेशी तकनीक का प्रदर्शन करते हुए दावा किया कि काले रंग से ढके नोटों को विशेष रसायन ('वॉश एंड वॉश' प्रक्रिया) से असली भारतीय मुद्रा में बदला जा सकता है।

Chhattisgarh Crime News: अलग-अलग किस्तों में ऐंठे रुपए

भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने कभी विदेशी केमिकल मंगाने, कभी सुरक्षा मंजूरी तो कभी प्रोसेसिंग फीस के नाम पर किस्तों में कुल 1.13 करोड़ रुपए ऐंठ लिए। जब कोई फंड नहीं मिला और लगातार नए बहाने बनाए जाने लगे, तब पीड़ित ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

नागपुर से पकड़ाईं दोनाें महिलाएं

तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नागपुर में दबिश देकर दो मुख्य महिला आरोपियों कनिज फातमा उर्फ भावना पांडेय (कोलकाता) और दीपिका पालीवाल (उदयपुर, राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से नकद राशि, मोबाइल और दस्तावेज जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह देश के कई राज्यों (नागपुर, लखनऊ आदि) में इसी तरह ठगी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। फिलहाल पुलिस फरार साथियों की तलाश कर रही है।

Updated on:
05 Aug 2026 08:01 am
Published on:
05 Aug 2026 08:01 am