रायपुर

महादेवघाट में 43 साल बाद नए ब्रिज का निर्माण शुरू, खारुन नदी में बनेंगे 8 स्पॉन, जानें क्या होगा फायदा

Kharun River Bridge: महादेवघाट में 43 साल बाद खारुन नदी पर नए ब्रिज का निर्माण शुरू होने जा रहा है। 180 मीटर लंबे इस ब्रिज में 8 स्पॉन बनाए जाएंगे।
2 min read
• •
Oct 04, 2026
180 Meter Bridge, 8 Span Bridge, Amleshwar Bridge
43 साल बाद नए ब्रिज का निर्माण शुरू (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Mahadevghat New Bridge: महादेवघाट के पुराने ब्रिज के पास खारुन नदी में 43 साल बाद 180 मीटर लंबे नए ब्रिज का निर्माण शुरू होने जा रहा है। नदी के पुराने विसर्जन घाट से यह ब्रिज अमलेश्वर को जोड़ेगा। बीच नदी में 8 स्पॉन का निर्माण होगा। टेंडर की शर्तों के अनुसार इस ब्रिज का निर्माण सितंबर 2027 तक पूरा कराने का समय तय किया गया है। यह काम पूरा होने से राजधानी रायपुर और पाटन-भिलाई की तरफ से आने-जाने वाले लोगों को आवाजाही में सुविधा होगी।

इस समय रायपुरा और अमलेश्वर की मुख्य सड़क पर आवाजाही काफी बढ़ गई है। कुम्हारी नेशनल हाईवे का ट्रैफिक डायवर्ट होने की स्थिति में रायपुर-दुर्ग के बीच आवाजाही महादेवघाट के खारुन नदी पुल से अमलेश्वर होते हुए होती है। ऐसे में कई बार दोनों तरफ ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने लगी है। अमलेश्वर की तरफ तेजी से बसाहट बढ़ी है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग के ब्रिज डिवीजन ने खारुन नदी में नए ब्रिज के निर्माण का प्लान तैयार किया था। अब इसका काम शुरू होने जा रहा है। पिलर्स के निर्माण के लिए खुदाई कराई जा रही है।

1983 में बना था पुराना ब्रिज

महादेवघाट में खारुन नदी पर अमलेश्वर की तरफ से आवाजाही के लिए वर्ष 1983 में ब्रिज का निर्माण हुआ था। तब से इसी ब्रिज से आवाजाही हो रही है। यहां लगातार ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा है। इस बार बारिश के दौरान गंगरेल बांध के 14 फाटक खुलने से यह ब्रिज करीब 20 साल बाद डूब गया था। इससे तीन दिनों तक आवाजाही बंद रही। अमलेश्वर की तरफ तेजी से बढ़ती बसाहट और बढ़ती आवाजाही के कारण लोगों को परेशानी होती है।

इसलिए नए ब्रिज के निर्माण को मिली मंजूरी

पीडब्ल्यूडी ब्रिज डिवीजन के इंजीनियरों के अनुसार महादेवघाट का पुराना ब्रिज अब काफी पुराना हो गया है। इसलिए नए ब्रिज के निर्माण का प्लान तैयार किया गया। इससे लोगों की आवाजाही काफी आसान होगी। नया ब्रिज करीब 55 मीटर चौड़ा बनाया जा रहा है। बीच नदी में 8 स्पॉन का निर्माण होगा। इसकी ऊंचाई पुराने ब्रिज से अधिक होगी, ताकि बाढ़ की स्थिति में दोनों तरफ का संपर्क न टूटे।

नया ब्रिज एक नजर में

25 करोड़ 50 लाख 59 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति
21 करोड़ 10 लाख 4 हजार रुपए निर्माण की अनुबंध राशि
27 अगस्त 2026 को वर्क ऑर्डर जारी किया गया
26 सितंबर 2027 तक निर्माण पूरा कराना है
ब्रिज की लंबाई 180 मीटर, बीच में 8 स्पॉन
चौड़ाई 16.61 मीटर
निर्माण का ठेका अभनपुर की मेसर्स वेदांत कंस्ट्रक्शन कंपनी को मिला।

Updated on:
04 Oct 2026 08:11 am
Published on:
04 Oct 2026 08:11 am