रायपुर

2028 चुनाव की तैयारी में जुटी BJP! छत्तीसगढ़ के किसान से युवा तक हर वर्ग पर रहेगा फोकस, रिपोर्ट से होगी समीक्षा

BJP Government Schemes: छत्तीसगढ़ भाजपा ने आगामी चुनावों को देखते हुए संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने अपने अलग-अलग मोर्चा और प्रकोष्ठों को जिम्मेदारी सौंपते हुए किसान, युवा, महिला और अन्य वर्गों तक पहुंच बढ़ाने की रणनीति बनाई है।
2 min read
Jun 28, 2026
BJP Chhattisgarh
BJP Chhattisgarh: 2028 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा(photo-patrika)

BJP Election Preparation: छत्तीसगढ़ में सियासी गतिविधियां धीरे-धीरे तेज होने लगी हैं। कांग्रेस के चुनावी तैयारियों में जुटने के बाद अब भाजपा ने भी संगठन स्तर पर अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। प्रदेश भाजपा ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपने सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों को अलग-अलग वर्गों और मुद्दों पर काम करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनता से सीधा संवाद बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने पर है। इसके साथ ही अलग-अलग वर्गों की समस्याओं और सुझावों का फीडबैक संगठन तक पहुंचाने का लक्ष्य दिया गया है।

BJP Chhattisgarh: अलग-अलग वर्गों तक पहुंचेगा भाजपा संगठन

भाजपा ने अपने मोर्चों को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना दी है। हर मोर्चा अपने क्षेत्र में लोगों से संपर्क करेगा और उनकी समस्याओं को समझकर रिपोर्ट तैयार करेगा। पार्टी का उद्देश्य है कि संगठन की पकड़ समाज के हर वर्ग तक मजबूत हो। इन गतिविधियों की समीक्षा हर महीने रिपोर्ट के माध्यम से की जाएगी। इसके आधार पर आगामी रणनीति तैयार की जाएगी।

किसान से लेकर युवा तक हर वर्ग पर फोकस

भाजपा ने अपने अलग-अलग मोर्चों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार अलग-अलग लक्ष्य सौंपे हैं। किसान मोर्चा किसानों से जुड़े मुद्दों, कृषि योजनाओं, समर्थन मूल्य, सिंचाई और खेती से संबंधित समस्याओं का फीडबैक जुटाएगा। वहीं महिला मोर्चा महिलाओं तक सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और महतारी वंदन योजना से जुड़े लाभों पर संवाद करेगा। युवा मोर्चा रोजगार, कौशल विकास, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्टार्टअप और खेल गतिविधियों से जुड़े युवाओं के मुद्दों पर काम करेगा।

इसके अलावा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति मोर्चा अपने-अपने वर्गों के बीच संपर्क बढ़ाकर सरकारी योजनाओं और सामाजिक मुद्दों की जानकारी जुटाएंगे। ओबीसी मोर्चा पिछड़ा वर्ग के बीच संवाद अभियान चलाएगा, जबकि अल्पसंख्यक मोर्चा समुदाय तक पहुंच बनाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगा। पार्टी का उद्देश्य सभी वर्गों से सीधा संपर्क स्थापित कर संगठन को मजबूत करना है।

हर महीने भेजनी होगी रिपोर्ट भाजपा संगठन ने सभी मोर्चा और प्रकोष्ठों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और जनता से मिले फीडबैक की मासिक रिपोर्ट प्रदेश संगठन को भेजें। इन रिपोर्टों के आधार पर यह तय किया जाएगा कि किन क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है और कहां विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

चुनावी रणनीति का हिस्सा

राजनीतिक जानकारों के अनुसार, भाजपा की यह कवायद आगामी चुनावों की तैयारी का हिस्सा मानी जा रही है। पार्टी अलग-अलग सामाजिक वर्गों तक अपनी पहुंच बढ़ाने और सरकार की योजनाओं का संदेश लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दे रही है। बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाकर भाजपा संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारी को धार देने में जुटी है।

Published on:
28 Jun 2026 10:20 am