CG Politics News: रायपुर में छत्तीसगढ़ भाजपा ने अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के सहारे वर्ष 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दी है।
CG Politics News: छत्तीसगढ़ के रायपुर में छत्तीसगढ़ भाजपा ने अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के सहारे वर्ष 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी अभी से शुरू कर दी है। भाजपा आगामी चुनाव अपनी नई टीम के सहारे ही लड़ेगी। इसकी झलक रविवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में हुई एक दिवसीय संगठनात्मक कार्यशाला में दिखाई दी।
इस कार्यक्रम में सत्ता और संगठन के लोगों को एक साथ बैठकर कई टिप्स दिए गए। राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कहा, हमें अपने लक्ष्यों को तय करके आगामी तीन वर्ष के लिए एक सशक्त कार्ययोजना बनाने की जरूरत है। मुयमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, हम सबको आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए जुटना होगा। इसके लिए हमने एक हजार दिन की कार्ययोजना बना ली है, जिस पर चलकर विधानसभा में हमें फिर से सरकार बनानी है।
इस मौके पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री ने कहा, भाजपा के कार्यकर्ता हमेशा एक्टिव और इफेक्टिव रहते हैं जिसकी वजह से हम संगठनात्मक आधार को हमेशा मजबूती देते हैं। भाजपा की यह विशेषता है कि विषम परिस्थितियों में कार्यकर्ता अपने कार्यों को अंतिम रूप देकर संगठन की मजबूती के लिए जुटे रहते हैं। हमारे कार्यकर्ता हमेशा एक धुरी की तरह काम करते हैं, समाज के हर वर्ग को जोड़ते रहते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने प्रदेश भर से पहुंचे नए पार्टी पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा, भाजपा सालभर काम करने वाली पार्टी है। यशवंत जैन, अखिलेश सोनी एवं डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने संचालन किया। कार्यशाला में केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुयमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, मंत्री, सांसद, विधायक, निगम मंडल आयोग के अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
भाजपा प्रदेश प्रभारी व बिहार के कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन ने कहा, हमको जो जिमेदारी मिली है, उसे नई टीम के साथ पूरी ताकत से निर्वहन करेंगे। हमारा यह दायित्व है कि सरकार और पार्टी की दैनिक गतिविधियों को जनता तक हम नियमित रूप से पहुंचाकर सरकार और पार्टी के बारे में जनता में सकारात्मक धारणा को बढ़ाते हुए विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही झूठी बातों का तथ्यात्मक खंडन करें। उन्होंने कहा, सोशल मीडिया जनता से, विशेषकर युवाओं के साथ जुड़ने का सबसे तेज और प्रभावी माध्यम है। यह पार्टी की नीतियों, योजनाओं और उपलब्धियों को उजागर करने और विपक्ष के झूठ का प्रत्युत्तर देने के लिए कार्य करता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा, संगठनात्मक व्यवस्था को व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता आपस में मिलकर संगठन को और मजबूत करेंगे। इस दिशा में हम सब जुटेंगे। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जवाल ने कहा, प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज में व्याप्त कुरीतियों का निराकरण कर लोगों में राष्ट्र प्रथम की भावना को जगाना है। भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यशाला में आए लोगों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया एवं आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से जानकारी दी।