
BTech Admission 2026: छत्तीसगढ़ के बीटेक प्रवेश 2026 में इस बार छात्रों की पसंद का रुझान बदलता नजर आया है। इंजीनियरिंग प्रवेश के पहले और दूसरे राउंड के आंकड़ों के अनुसार छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (CGIT) रायपुर राज्य का सबसे पसंदीदा इंजीनियरिंग संस्थान बनकर उभरा है। राज्य की मेरिट सूची के टॉप-100 अभ्यर्थियों में से 47 विद्यार्थियों को इसी संस्थान में सीट आवंटित हुई है। वहीं टॉप-10 रैंकर्स में से 7 छात्रों ने CGIT रायपुर को अपनी पहली पसंद बनाया।
दोनों चरणों की काउंसिलिंग के आंकड़े बताते हैं कि इस वर्ष टॉप रैंकर्स का सबसे अधिक भरोसा CGIT रायपुर पर रहा। टॉप-10 में केवल तीन विद्यार्थियों ने अन्य इंजीनियरिंग संस्थानों का चयन किया। इससे स्पष्ट है कि राज्य के प्रतिभाशाली छात्रों के बीच CGIT की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।
कॉलेज में कुल 354 सीटें उपलब्ध हैं। पहले राउंड की काउंसिलिंग के बाद जहां 85 सीटें खाली थीं, वहीं दूसरे राउंड के बाद यह संख्या घटकर सिर्फ 20 सीटों तक पहुंच गई। अब शेष सीटों पर प्रवेश संस्था स्तर की काउंसिलिंग के माध्यम से किया जाएगा।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एम.आर. खान के अनुसार पहले राउंड में ही अधिकांश सीटों पर प्रवेश हो गया था। दूसरे राउंड तक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) की सीटें सबसे पहले भर गईं। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की ओपन कैटेगरी सीटें 13वीं रैंक तक और कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (डेटा साइंस) की सीटें 37वीं रैंक तक क्लोज हो गईं।
इस बार प्रवेश प्रक्रिया में सबसे बड़ा बदलाव यह देखने को मिला कि केवल कंप्यूटर साइंस ही नहीं, बल्कि सिविल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन (E&TC), इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग जैसी पारंपरिक कोर ब्रांचों में भी उच्च रैंक वाले विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। विशेषज्ञ इसे उद्योगों में बढ़ते अवसरों और बदलती करियर प्राथमिकताओं का संकेत मान रहे हैं।
दूसरे राउंड की काउंसिलिंग में प्रमुख शाखाओं की क्लोजिंग रैंक इस प्रकार रही
दूसरे राउंड के बाद बची हुई 20 सीटों पर अब संस्था स्तर की काउंसिलिंग के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि योग्य अभ्यर्थियों को जल्द ही काउंसिलिंग की तिथि और प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।