
CG Congress Nyay Yatra: छत्तीसगढ़ के रायपुर के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में निकल रही कांग्रेस की छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा चौथे दिन आरंग विधानसभा के भैसा से निकलकर धरसीवां विधानसभा में प्रवेश कर गई। सोमवार को यात्रा भैंसा से सारागांव तक कुल 24 किमी तक चली। भैंसा से सारागांव तक यात्रा में ग्रामीणों तथा क्षेत्रवासियों ने मंच बनाकर जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। यात्रा के चौथे दिन नेता प्रतिपक्ष डॉं. चरण दास महंत, पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे सहित अन्य पूर्व मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हुए।
CG Congress Nyay Yatra: यात्रा के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बैज ने कहा, हमारे कार्यकताओं में भी यात्रा को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। इस यात्रा का उद्देश्य प्रदेश की बिगड चुकी कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को जगाना है। जनता के बीच में बढ़ते अपराधों के कारण भय का माहौल है। प्रदेश की सरकार दिशाहीन हो चुकी है। सरकार का ड्राइवर कौन है किसी को पता नहीं है।
सरकार के मंत्रियों में आपस में विरोधाभास है। यात्रा के चौथे दिन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, सांसद ज्योत्सना महंत, गुरूमुख सिंह होरा,प्रतिमा चंद्राकर, अंबिका मरकाम, अम्बिका सिंहदेव, मलकीत सिंह गैदू, सुशील आनंद शुक्ला, विधायक शेषराज हरवंश, विनय जायसवाल सहित अन्य नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।
कांग्रेस की न्याय यात्रा का राजधानी में 2 अक्टूबर को समापन होगा। राजधानी में प्रवेश से पहले यात्रा का जगह-जगह स्वागत करने की तैयारी है। इसे लेकर गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन में प्रदेश महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने बैठक ली। इसमें सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में प्रदेश महामंत्री ने कहा, रायपुर शहर के समस्त 12 ब्लॉक अध्यक्ष को यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी मेहनत करनी होगी। यात्रा में हर ब्लॉक से अधिक से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हो। साथ ही वार्डों में न्याय यात्रा का उद्देश्य बताने के लिए वार्डों में पाम्पलेट वितरित करने की जिम्मेदारी भी वार्ड अध्यक्ष को दी गई। इस दौरान उन्होंने वार्डों में न्याय यात्रा के प्रचार-प्रसार और यात्रा को सफल बनाने के लिए कांग्रेस भवन गांधी मैदान से ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बैठक में विकास उपाध्याय, गिरीश दुबे, एजाज ढेबर, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, सुबोध हरितवाल, ज्ञानेश शर्मा, श्रीकुमार मेनन सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा, इस यात्रा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में हर व्यक्ति शामिल हो रहा है। कांग्रेस की इस यात्रा को सामाजिक सौहार्द्र के लिए निकाला गया है और भारतीय जनता पार्टी ने जो सौहार्द्र बिगाड़ा है उसको ठीक करने के लिए निकले हैं। जब से भाजपा की सरकार आयी है तब से हमारे गांव के काम लगभग बंद हो गए हैं। मुख्यमंत्री के क्षेत्र में हत्या, बलात्कार, लूट खसोट जो चल रहा है, वो आज तक किसी भी शासनकाल में नहीं चला है।