
रायपुर। CG Election 2023 : कांग्रेस अपनी पहली सूची 15 अक्टूबर को जारी करेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, रविवार को नवरात्रि का पहला दिन है। माता रानी विराजेंगी। इसी दिन हमारी पहली सूची आएगी। इसके बाद टिकट के इंतजार में बैठे दावेदारों की धड़कनें भी बढ़ गई हैं। संकेत है कि कई मौजूदा विधायकों की टिकट कटेगी।
बताया जाता है कि पहली सूची में 42 से 45 नाम होंगे। इसमें पहले चरण की 20 विधानसभा सीटों के अलावा अधिकांश मंत्रियों के नाम शामिल होंगे। इसमें नए चेहरे, महिला और युवाओं को प्राथमिकता देने की तैयारी है। वहीं कांग्रेस ने केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद जिन उम्मीदवारों की टिकट फाइनल हो गई थी, उन्हें तैयार करने के निर्देश पहले ही दे दिए थे। जानकारी के मुताबिक पहले चरण की 20 विधानसभा सीटों में लगभग सभी नामों पर सहमति बन गई थी। पंडरिया और राजनांदगांव विधानसभा को लेकर थोड़ा पेंच था।
यहां से दो दावेदारों के नाम प्रमुखता से सामने आ रहे हैं। वहीं पंडरिया से मौजूदा विधायक का टिकट कटने की चर्चा है। राजनांदगांव सीट को लेकर मुख्यमंत्री बघेल का कहना है कि पार्टी अपनी रणनीति का खुलासा लिस्ट जारी करने के साथ करती है। नवरात्रि पर कांग्रेस की पहली सूची आएगी। इसके बाद पता चल जाएगा कि रमन सिंह के सामने कौन है।
15 प्रत्याशियों के नाम अटके
केन्द्रीय चुनाव समिति के मंथन के बाद करीब 15 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम नहीं हो पाए हैं। प्रदेश चुनाव समिति ने 80-82 सीटों पर एक नाम का पैनल तैयार कर केन्द्रीय चुनाव समिति को दिया था। उनमें से भी कई नामों को रोक दिया। बताया जाता है कि पार्टी इस बार 18 से 20 मौजूदा विधायकों को टिकट काट सकती है।
दिल्ली से लेकर रायपुर तक की दौड़
बताया जाता है कि दिल्ली में टिकट वितरण के लिए हुए मंथन के बाद कांग्रेस के दावेदार रायपुर से लेकर दिल्ली तक की दौड़ लगा रहे हैं। वहीं टिकट कटने की खबर के बीच दावेदारों ने सामाजिक स्तर पर दवाब बना रहे हैं। बताया जाता है कि एक मंत्री 13 अक्टूबर की रात को दिल्ली रवाना हो गए थे।
कांग्रेस भवन पहुंचे समर्थक
मनेन्द्रगढ़ के विधायक विनय जायसवाल की टिकट कटने की चर्चा है। इसे देखते हुए मनेन्द्रगढ़ से कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने विनय जायसवाल के पक्ष में नारेबाजी की और उन्हें दोबारा टिकट देने की मांग की। हालांकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज बस्तर प्रवास पर थे, इस वजह से कार्यकर्ताओं की उनसे मुलाकात नहीं हो सकी। वहीं भारत सिंह की अध्यक्षता वाले छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज ने कांकेर से शिशुपाल शोरी को टिकट देने की मांग की है। समाज ने साफ कह दिया है कि यदि शोरी को टिकट नहीं मिलता है, तो भारी जनआक्रोश की संभावना रहेगी।