
CG Monsoon Update: दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव (लो प्रेशर) के क्षेत्र का असर अब छत्तीसगढ़ में साफ दिखाई देने लगा है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि बलरामपुर और बीजापुर जिले के कुछ इलाकों में अच्छी वर्षा हुई। बारिश के चलते राजधानी रायपुर समेत कई शहरों में लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। रायपुर का अधिकतम तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस गिरकर 33 डिग्री से 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं। इसके चलते 9 अगस्त को अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा के आसार भी बने हुए हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिनभर बादल छाए रहने के साथ रुक-रुककर बारिश हो सकती है, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 22 जिलों के लिए बारिश और आकाशीय बिजली का यलो अलर्ट जारी किया है। इनमें उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटों के मौसम के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहने की संभावना है, जिससे कई जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।