
Train Cancelled List: छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए खबर है। दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक अनुरक्षण और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर मेगा ब्लॉक लिया जा रहा है। कंसबहाल और धारुआडीही सेक्शन के अप एवं डाउन लाइन पर TRT मशीनों से ट्रैक मेंटेनेंस का कार्य किया जाएगा। इसके चलते 3 जुलाई 2026 से 17 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, कुछ का परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित होगा, जबकि कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस जुलाई से नवंबर 2026 के बीच निर्धारित कई तारीखों पर रद्द रहेगी। वहीं 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस भी अलग-अलग निर्धारित तिथियों पर संचालित नहीं होगी। यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।
मेगा ब्लॉक का असर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की अन्य ट्रेनों पर भी पड़ेगा। 18113 टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, 18114 बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस और 18109/18110 टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस भी जुलाई से नवंबर के बीच विभिन्न तारीखों पर रद्द रहेंगी। इससे छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे ने 13288 आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस और 13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस के संचालन में भी बदलाव किया है। कुछ निर्धारित तिथियों पर ये ट्रेनें राउरकेला स्टेशन तक ही चलेंगी या वहीं से प्रारंभ होंगी। यानी दुर्ग और राउरकेला के बीच इनका संचालन प्रभावित रहेगा।
मेगा ब्लॉक के दौरान 18478 योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। यह ट्रेन निर्धारित तिथियों पर ईब, झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर सिटी और कटक होकर पुरी पहुंचेगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति और निर्धारित तिथि की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। ट्रैक अनुरक्षण कार्य का उद्देश्य रेल संरक्षा को मजबूत करना और भविष्य में यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम रेल यात्रा उपलब्ध कराना है। इसलिए असुविधा से बचने के लिए रेलवे की आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही यात्रा की योजना बनाएं।