
BYJU'S Job Scam: रायपुर के मोवा इलाके में ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने कोचिंग संस्था BYJU'S में ट्यूटर की नौकरी का झांसा देकर एक युवती से फ्री लैपटॉप उपलब्ध कराने के नाम पर किस्तों में 43 हजार रुपये से अधिक की रकम ठग ली। जब आरोपियों ने बार-बार पैसे मांगने शुरू किए, तब युवती को ठगी का एहसास हुआ। शिकायत के बाद पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मोवा निवासी जैनिशा भागवानी ने ऑनलाइन माध्यम से BYJU'S में ट्यूटर पद के लिए आवेदन किया था। आवेदन के कुछ समय बाद उनके पास खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उनका चयन ट्यूटर पद के लिए हो गया है और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के लिए कंपनी की ओर से पढ़ाने हेतु एक निःशुल्क लैपटॉप दिया जाएगा।
आरोपी ने बताया कि लैपटॉप की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पहले 9,607 रुपये जमा करने होंगे, जो बाद में वापस कर दिए जाएंगे। नौकरी मिलने की खुशी में युवती ने 5 जुलाई को सुबह 11:33 बजे यह राशि ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी।
पहला भुगतान करने के बाद आरोपी ने कहा कि ट्रांजैक्शन गलत तरीके से हुआ है, इसलिए दोबारा 9,660 रुपये जमा करने होंगे। युवती ने सुबह 11:50 बजे यह रकम भी भेज दी। इसके बाद ठगों ने नया बहाना बनाया कि पैसे वापस करने के लिए एनओसी (No Objection Certificate) बनवाना जरूरी है। इसके लिए 11,990 रुपये मांगे गए। युवती ने दोपहर 12:17 बजे यह राशि भी ऑनलाइन जमा कर दी।
इसके बाद भी आरोपियों ने यह कहकर एक और भुगतान कराने की कोशिश की कि तकनीकी समस्या के कारण ट्रांजैक्शन पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने 11,919 रुपये और जमा करने को कहा। युवती ने दोपहर 12:32 बजे यह राशि भी भेज दी।
इतनी रकम लेने के बाद भी ठग नहीं रुके। उन्होंने एक बार फिर 11,919 रुपये जमा करने की मांग की। लगातार नई-नई फीस और प्रक्रिया का हवाला देकर पैसे मांगने पर युवती को संदेह हुआ। उन्होंने आगे कोई भुगतान करने से इनकार कर दिया और पूरे मामले की शिकायत पंडरी थाना पुलिस से की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फोन कॉल और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन किन खातों और मोबाइल नंबरों के माध्यम से किए गए। साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कंपनी में नौकरी के नाम पर रजिस्ट्रेशन फीस, लैपटॉप चार्ज, सिक्योरिटी डिपॉजिट या प्रोसेसिंग फीस मांगने पर सतर्क रहें। किसी भी भुगतान से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से जानकारी की पुष्टि करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का सामना हो, तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।