
Chhattisgarh Petrol Diesel Price Hike: दीपक बैज ने पेट्रोल-डीजल संकट, बढ़ती कीमतों और प्रदेश में कथित ईंधन कमी को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई पेट्रोल पंप खाली पड़े हैं और लोग घंटों लाइन में लगने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा रही है। इसके साथ ही बैज ने बस्तर विकास, “सुशासन तिहार” और रेव पार्टी जैसे मुद्दों पर भी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि संकट के समय जनता को राहत देने के बजाय सरकार “आपदा में अवसर” तलाशने में लगी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपीलों के बावजूद आम लोगों को कोई राहत नहीं मिल रही और महंगाई लगातार लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है।
अमित शाह के प्रस्तावित बस्तर दौरे को लेकर भी बैज ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार के पास बस्तर के विकास का कोई स्पष्ट रोडमैप है, तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले साल बारिश में क्षतिग्रस्त हुई कई पुल-पुलियाएं अब तक नहीं बन पाई हैं, जिससे विकास के दावे कमजोर पड़ते हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे “सुशासन तिहार” कार्यक्रम को लेकर बैज ने इसे “ढकोसला” बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल दिखावे का आयोजन है और इससे आम जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा।
रायपुर में बढ़ते रेव पार्टी मामलों को लेकर भी कांग्रेस नेता ने सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में इस तरह की गतिविधियों पर नियंत्रण नहीं है और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पेट्रोल-डीजल के मुद्दे पर कांग्रेस जल्द आंदोलन की रणनीति तैयार कर सकती है। दीपक बैज ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में आने वाले दिनों में और गर्माहट बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।