रायपुर

Village Road Scheme: अरुणाचल मॉडल पर बस्तर में सड़क निर्माण की मांग, PMGSY-IV में 10 किमी क्लस्टर का प्रस्ताव, मुख्यमंत्री साय ने केंद्र से किया आग्रह

Bastar Road Project: बस्तर में अरुणाचल मॉडल लागू करने का आग्रह किया। उन्होंने 10 किमी क्लस्टर की विशेष व्यवस्था का प्रस्ताव रखा, जिस पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
2 min read
Aug 01, 2026
Bastar Road Project
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की (photo Patrika)

Bastar Road Project: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार के सामने बड़ा प्रस्ताव रखा है। उन्होंने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY-IV) में अरुणाचल प्रदेश मॉडल लागू करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यहां भी 10 किलोमीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक क्लस्टर मानने की विशेष अनुमति दी जाए, ताकि अधिक से अधिक गांव सड़क सुविधा से जुड़ सकें।

बस्तर की भौगोलिक परिस्थितियों का दिया हवाला

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर के अनेक गांव घने जंगलों, पहाड़ियों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में स्थित हैं। वर्तमान में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत केवल 500 मीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक क्लस्टर माना जाता है। इस व्यवस्था के कारण बस्तर के अनेक छोटे और दूरस्थ गांव सड़क सुविधा से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि अरुणाचल प्रदेश की तरह बस्तर में भी 10 किलोमीटर की परिधि में स्थित बसाहटों को एक क्लस्टर मानने की विशेष अनुमति दी जाए, ताकि अधिक से अधिक गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ा जा सके।

नक्सलवाद के दौर से निकलकर तेजी से विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद के दौर से निकलकर तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में बेहतर सड़क संपर्क क्षेत्र के लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं हैं, बल्कि विकास, सुरक्षा और समृद्धि की आधारशिला हैं। इसलिए बस्तर की विशेष भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति दी जानी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन

केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री के प्रस्ताव को गंभीरता से सुना और इस पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार बस्तर जैसे दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है और राज्य सरकार के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीण विकास के कार्यों की केंद्रीय मंत्री ने की सराहना

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीरामजी योजना के तहत मुक्तिधाम और शौचालय निर्माण जैसे कार्य प्रभावी ढंग से हो रहे हैं। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के बेहतर क्रियान्वयन की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिदिन लगभग 1,500 आवासों का निर्माण एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में विकास कार्य और अधिक गति से आगे बढ़ेंगे।

Updated on:
01 Aug 2026 05:57 pm
Published on:
01 Aug 2026 05:54 pm