रायपुर

धमतरी के युवाओं के लिए बड़ी सौगात, ITI में शुरू हुआ मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड, खुलेंगे रोजगार के नए द्वार

ITI में मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल ट्रेड शुरू हुआ है। दो वर्षीय कोर्स में EV तकनीक, बैटरी, मोटर और चार्जिंग सिस्टम की ट्रेनिंग मिलेगी।
2 min read
Aug 12, 2026
ITI Admission
जीजामगांव के नवीन आईटीआई में शुरू हुआ ‘मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल (Photo Patrika)

ITI Admission 2026: इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में तेजी से हो रहे तकनीकी बदलाव के बीच धमतरी जिले के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार की नई राह खुल गई है। नवीन शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI), जीजामगांव में सत्र 2026-27 से पहली बार ‘मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल’ ट्रेड का पहला बैच शुरू किया गया है। खास बात यह है कि जीजामगांव की नवीन ITI का भी यह पहला प्रशिक्षण सत्र है। ऐसे में संस्थान की शुरुआत ही भविष्य की तकनीक से जुड़े ट्रेड के साथ होने से क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण हासिल करने का अवसर मिलेगा।

दो वर्षीय पाठ्यक्रम और आधुनिक प्रशिक्षण

मैकेनिक इलेक्ट्रिक व्हीकल दो वर्षीय पाठ्यक्रम है। इसमें प्रशिक्षणार्थियों को इलेक्ट्रिक वाहन तकनीक के साथ-साथ बैटरी प्रबंधन प्रणाली (BMS), मोटर कंट्रोल, चार्जिंग सिस्टम, वाहन सर्विसिंग और फॉल्ट डायग्नोसिस जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक एवं उद्योग-आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा। वर्तमान में यह ट्रेड छत्तीसगढ़ के चुनिंदा 5 शासकीय आईटीआई संस्थानों में ही संचालित है, जिससे जीजामगांव आईटीआई में इसकी शुरुआत जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

रोजगार व स्वरोजगार के बेहतर अवसर

ई-व्हीकल के बढ़ते चलन से अधिकृत सर्विस सेंटरों, ई-व्हीकल निर्माण कंपनियों, चार्जिंग स्टेशनों और बैटरी से संबंधित सेवा इकाइयों में प्रशिक्षित तकनीशियनों की मांग तेजी से बढ़ेगी। इसके अलावा, प्रशिक्षित युवा खुद का सर्विस सेंटर या तकनीकी सेवा शुरू कर स्वरोजगार भी स्थापित कर सकेंगे। जीजामगांव क्षेत्र में फॉरेस्ट पार्क, फूड पार्क सहित विभिन्न विकास एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। हाल ही में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने नवीन आईटीआई भवन के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण भी किया था। जिला धमतरी की नोडल संस्था शासकीय आईटीआई कुरूद के प्राचार्य योगेश देवांगन ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं का लाभ उठाने के लिए इस नवीन ट्रेड में प्रवेश लें।

प्रवेश प्रक्रिया और अन्य सौगातें

आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसके बाद मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई कुरूद से संपर्क किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 23 सितंबर को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ग्राम करेली बड़ी में आयोजित समारोह में जिले के लिए 83 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की थी, जिसमें जीजामगांव में नवीन आईटीआई की स्थापना भी शामिल थी।

Updated on:
12 Aug 2026 05:34 pm
Published on:
12 Aug 2026 05:34 pm