रायपुर

Drug Free Youth Campaign: रायपुर में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान, 350 से ज्यादा युवाओं ने लिया हिस्सा

Raipur News, Drug Free:नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित हुई। 350 से अधिक युवाओं ने भाग लेकर नशा मुक्ति और विकसित भारत का संदेश दिया।
3 min read
Aug 04, 2026
Drug Free Youth Campaign
रायपुर में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान (Photo Patrika)

Raipur Drug Free Youth Campaign: माय भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में माय भारत रायपुर द्वारा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत दुर्गा कॉलेज, रायपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 350 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति से होने वाली मानसिक, शारीरिक और सामाजिक हानि को देखते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं को जागरूक और सशक्त बनाना इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।

नशा मुक्त समाज के निर्माण का दिया संदेश

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाने के लिए प्रेरित किया गया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में युवाओं की प्रतिभा और रचनात्मकता को मंच प्रदान करने के लिए भाषण प्रतियोगिता, कविता वाचन, रील मेकिंग, स्लोगन राइटिंग, पेंटिंग, नृत्य, गायन और नुक्कड़ नाटक सहित आठ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में युवाओं ने नशा मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली, सकारात्मक सोच और विकसित भारत के संकल्प को अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी ढंग से सामने रखा।

विधायक पुरंदर मिश्रा ने युवाओं को किया प्रेरित

कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को किसी भी प्रकार के व्यसन से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि युवाओं को नशे की नहीं, बल्कि देश की प्रगति का नशा, राष्ट्र के उत्थान का नशा और राष्ट्र निर्माण का नशा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

राज्य निदेशक ने बताया अभियान का उद्देश्य

माय भारत छत्तीसगढ़ के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस अभियान का लक्ष्य युवाओं में सकारात्मकता और ऊर्जा का संचार करना है, ताकि वे विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि युवाओं के माध्यम से समाज में सकारात्मक और रचनात्मक ऊर्जा का प्रवाह सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं का चयन राज्य स्तर के लिए किया जाएगा।

दुर्गा कॉलेज ने की पहल की सराहना

दुर्गा कॉलेज की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सकारात्मक दिशा देने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि Gen Z की ऊर्जा को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सही दिशा में चैनलाइज किया जा सकता है और दुर्गा कॉलेज सदैव युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों के आयोजन के लिए तत्पर रहा है। दुर्गा कॉलेज की सुनीता चंसोरिया ने कहा कि युवाओं को सही दिशा और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जागरूक और जिम्मेदार युवा ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

उत्कृष्ट प्रतिभागियों का हुआ सम्मान

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत सिंह छाबड़ा द्वारा मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित शिवनाथ ब्लड बैंक, medilife hospital के साथ रक्तदान अभियान के माध्यम से युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, स्वास्थ्य जांच शिविर में प्रतिभागियों एवं उपस्थित लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। इस प्रकार कार्यक्रम ने नशा मुक्ति के साथ-साथ स्वस्थ एवं जागरूक युवा शक्ति के निर्माण का संदेश भी दिया।

रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगा

कार्यक्रम के सफल आयोजन में माय भारत के स्वयंसेवकों ने सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों ने आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं, प्रतिभागियों के समन्वय और प्रतियोगिताओं के संचालन में सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं ने नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण एवं विकसित भारत के संकल्प की दिशा में लगाने का संदेश दिया।

Updated on:
04 Aug 2026 05:25 pm
Published on:
04 Aug 2026 05:24 pm